बीकानेर जिले में हाल ही में एक 13 वर्षीय बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म और निर्मम हत्या की घटना सामने आई है। यह बालिका अपनी 8वीं बोर्ड की परीक्षा देने घर से स्कूल जा रही थी। इस घटना से पूरे प्रदेश में आमजन के बीच भारी आक्रोश है। नगर परिषद पार्क में कांग्रेस की आक्रोश सभा इस घटना के विरोध में श्री नारायणी सेना के तत्वावधान में कोटपूतली स्थित नगर परिषद पार्क में एक आक्रोश सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस नेता भीम पटेल ने कहा- ऐसी घटनाएं सभ्य समाज के लिए गंभीर चुनौती हैं। उन्होंने दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर फांसी की सजा देने की मांग की। प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश सैन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस पर कड़ी कार्रवाई नहीं की, तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। जिला कलेक्ट्रेट तक निकाली आक्रोश रैली सभा के बाद नगर परिषद पार्क से जिला कलेक्ट्रेट तक एक आक्रोश रैली निकाली गई। रैली के बाद जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी को मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। आरोपियों को फांसी देने की मांग ज्ञापन में आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर फांसी की सजा दिलवाने, अभियुक्तों के घरों को बुलडोजर से ध्वस्त करने, पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी या डेयरी बूथ आवंटित करने और मुख्यमंत्री राहत कोष से 1 करोड़ रुपए की सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की गई है। आक्रोश रैली में ये हुए शामिल इसमें युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव भीम पटेल, श्री नारायणी सेना के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश सैन, संजय सैन बानसूर, बारबार यूनियन प्रधान राधेश्याम सैन फतेहपुरा कलां, राष्ट्रीय संरक्षक मुरारी लाल सैन रामपुरा, प्रदेश प्रवक्ता हीरालाल सैन, सुरेश सैन हसामपुर, प्रदेश संरक्षक अशोक सैन शुक्लावास, राष्ट्रीय नाई महासभा के तहसील अध्यक्ष नानकचंद सैन, बहरोड़ प्रधान सुनील सैन और वित्तीय सलाहकार बनवारी लाल सैन सहित कई पदाधिकारियों ने घटना की कड़ी निंदा की।


