धौलपुर शहर में रसद विभाग ने घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पीतांबरा कॉलोनी स्थित एक दुकान पर छापा मारा गया, जहां से आधा दर्जन से अधिक घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इस दौरान अवैध रिफ्लिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए। विभाग को सूचना मिली थी कि दुकान पर घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से रिफ्लिंग कर व्यावसायिक उपयोग के लिए गैस बेची जा रही थी। रसद विभाग की टीम के पहुंचते ही दुकानदार मौके से फरार हो गया। टीम ने दुकान को सील कर दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई प्रवर्तन अधिकारी गजेंद्र शर्मा और जगदीश शर्मा के नेतृत्व में की गई। टीम में प्रवर्तन निरीक्षक जितेंद्र फौजदार और जितेंद्र गोठवाल भी शामिल थे। रसद विभाग ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करना और अवैध रिफ्लिंग करना कानूनन अपराध है। इस मामले में संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।


