राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जमशेदपुर दौरे के दौरान बारीडीह में एक विशेष दृश्य देखने को मिला। मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति ने अपना काफिला रुकवाया और लोगों से मिलने के लिए गाड़ी से उतरकर पैदल चलीं। कॉलेज कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब राष्ट्रपति का काफिला बाहर निकला, तो सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोग खड़े थे। उन्हें देखकर राष्ट्रपति ने अपना वाहन रुकवाया। इसके बाद वह स्वयं गाड़ी से उतरकर करीब 150 कदम तक पैदल चलीं और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। भीड़ में मौजूद लोग तिरंगा लहराते हुए “राष्ट्रपति जिंदाबाद” के नारे लगा रहे थे। राष्ट्रपति के आम लोगों के बीच आने से सभी उत्साहित दिखे राष्ट्रपति ने बच्चों से मुलाकात की और उन्हें चॉकलेट भी बांटी। एक बच्ची ने बताया कि राष्ट्रपति ने उसे अपने हाथों से चॉकलेट दी। स्थानीय महिला परविंदर ने कहा कि वह कई घंटों से राष्ट्रपति की एक झलक पाने के लिए खड़ी थीं। राष्ट्रपति के आम लोगों के बीच आने से सभी उत्साहित दिखे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति ने उनकी बेटी को चॉकलेट देने के साथ आशीर्वाद भी दिया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रही और कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। लोगों ने राष्ट्रपति को बेहद करीब से देखा और उनका अभिवादन किया। इससे पहले, राष्ट्रपति ने कदमा स्थित श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धर्मार्थ केंद्र में भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न किया था। पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में राष्ट्रपति ने विभिन्न सत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों के साथ फोटो सेशन किया और मेधावी विद्यार्थियों से संवाद भी किया। इस कार्यक्रम को “परिचय सम्मेलन” नाम दिया गया। राष्ट्रपति ने कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया तथा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कॉलेज प्रबंधन ने जानकारी दी कि परिसर में “द्रौपदी मुर्मू स्पोर्ट्स एंड फूड कैंपस” विकसित करने की दीर्घकालिक योजना पर कार्य किया जाएगा।


