पत्नी की मौत के बाद उनकी अस्थियों को गंगा जी में विसर्जित करने हरिद्वार गए परिवार के सूने मकान में अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी से कपड़े और 60 हजार रुपये चोरी कर लिए। मामला अलवर शहर के अखेपुरा थाना क्षेत्र का है। घटना 22 फरवरी की रात की बताई जा रही है। पीड़ित सोहनलाल वर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी गुड्डी देवी का 16 फरवरी को निधन हो गया था। इसके बाद 22 फरवरी को पूरा परिवार अस्थियां विसर्जित करने हरिद्वार गया हुआ था। इस दौरान मकान सूना पड़ा था। रात के समय अज्ञात चोर पीछे के रास्ते से घर में घुसे और ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे कपड़े और 60 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए। पड़ोस में रहने वाली बहन ने रात को ही संदिग्ध आहट सुनकर “चोर-चोर” कहकर शोर मचाया, लेकिन आसपास के लोग जागते उससे पहले ही चोर मौके से फरार हो गए। रात करीब 1 बजे पुलिस को सूचना दी गई। परिवार को पड़ोस से फोन पर जानकारी मिली। इसके बाद वे 23 फरवरी की शाम को घर पहुंचे तो देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी टूटी हुई थी। जिसके बाद अखेपुरा थाने में मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


