फाजिल्का जिले में अबोहर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। जहां थाना नंबर एक की पुलिस ने ढाणी सीडफार्म कच्चा स्थित एक घर से भारी मात्रा में कच्ची शराब (लाहन), तैयार शराब की बोतलें और लाखों रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। बता दे कि पुलिस ने इस मामले में एक नशा तस्कर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, जिसकी तलाश जारी है। थाना प्रभारी रविंद्र सिंह भीटी ने बताया कि सहायक थानेदार भूपेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि कच्चा सीडफार्म निवासी बलविंदर सिंह उर्फ भोली अपने घर में अवैध रूप से शराब बनाकर बेचता है।
10 हजार लीटर कच्ची शराब बरामद सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बलविंदर सिंह के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को घर में पशुओं के चारे की खुर्लियों और जमीन के नीचे से लगभग दस हजार लीटर लाहन (कच्ची शराब) मिली, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। 1 लाख 10 हजार बरामद इसके अतिरिक्त, पुलिस ने घर से 70 बोतलें तैयार शराब और 1 लाख 10 हजार रुपए की ड्रग मनी भी बरामद की। हालांकि, दबिश के दौरान नशा तस्कर बलविंदर सिंह घर से फरार हो गया। पुलिस टीम ने सभी अवैध सामान और नकदी जब्त करते हुए बलविंदर सिंह के खिलाफ एक्साइज एक्ट की धारा 61, 1, 14 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।


