प्रधानमंत्री की रैली को लेकर भाजपा ने झोंकी ताकत:1600 से अधिक वाहनों और मंडल स्तर की व्यूह रचना से सफल बनाएंगे आयोजन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 28 फरवरी को अजमेर के कायड़ विश्राम स्थली में प्रस्तावित विशाल जनसभा को लेकर नागौर भाजपा संगठन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक के बाद राजस्थान किसान आयोग के चेयरमैन सीआर चौधरी और भाजपा जिलाध्यक्ष रामधन पोटालिया ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की।

​प्रेस वार्ता में सीआर चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री की इस यात्रा को लेकर जिले के कार्यकर्ताओं और आमजन में भारी उत्साह है। उन्होंने इस जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए नागौर से अधिक से अधिक संख्या में लोगों के पहुंचने पर जोर दिया। योजना के अनुसार, नागौर जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अजमेर पहुंचेंगे, जिसका नेतृत्व संबंधित मंडलों के अध्यक्ष करेंगे। ​बैठक के दौरान बताया गया कि प्रधानमंत्री इस दौरे में राजस्थान को करीब 23,500 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। इसके साथ ही ‘रोजगार महोत्सव’ के तहत प्रदेश के 21,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष रामधन पोटलिया ने आगामी रैली की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी ने कमर कस ली है। उन्होंने कहा कि रैली में कार्यकर्ताओं को लाने के लिए 441 बड़ी गाड़ियों के साथ-साथ लगभग 1000 से 1200 छोटे वाहनों की व्यवस्था की गई है। संगठन स्तर पर पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों में प्रदेश और जिला स्तर से प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। पोटलिया ने बताया कि जिले के सभी 29 मंडलों में बैठकें आयोजित कर बूथ अध्यक्षों से लेकर जिले के तमाम पदाधिकारियों को सक्रिय किया गया है। ​उन्होंने आगे कहा कि रैली की सफलता के लिए टीम लगातार मॉनिटरिंग कर रही है और वाहनों की कमी को दूर करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। माननीय सी.आर. पाटिल भी जिले में रैली की तैयारियों का व्यक्तिगत रूप से जायजा ले रहे हैं। जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री की पिछली रैली का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह तब भारी जनसैलाब उमड़ा था, उसी तर्ज पर प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर भी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। चूंकि कार्यक्रम स्थल रियां, मेड़ता और डेगाना जैसे क्षेत्रों से मात्र 15-20 किलोमीटर की दूरी पर है, इसलिए इन नजदीकी इलाकों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिले भर के कार्यकर्ता और पदाधिकारी एकजुट होकर इस रैली को सफल बनाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *