नशे का मुख्य पैडलर रायपुर से गिरफ्तार:लंबे समय से फरार था, चिरमिरी पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, सरगुजा संभाग को थी तलाश

एमसीबी जिले की चिरमिरी पुलिस ने राज्य स्तरीय नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने मुख्य पैडलर रसल एक्का को रायपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस के अनुसार, रसल एक्का सरगुजा संभाग के कई जिलों में सक्रिय था। उसे नशीले पदार्थों की सप्लाई का मुख्य सूत्रधार माना जा रहा था। सरगुजा संभाग के विभिन्न थानों की पुलिस को उसकी तलाश थी। आरोपी के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें और मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। टीम ने घेराबंदी कर पैडलर को पकड़ा चिरमिरी पुलिस को रसल एक्का के रायपुर में होने की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद एक विशेष टीम गठित कर रायपुर भेजी गई। टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सतर्कता से वह पकड़ा गया। प्रारंभिक पूछताछ में रसल एक्का ने अपने नेटवर्क से जुड़े कई अन्य साथियों के नाम उजागर किए हैं। पुलिस अब इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। माना जा रहा है कि इस गिरोह का नेटवर्क राज्य के कई हिस्सों में फैला हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। उससे मिले इनपुट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। चिरमिरी पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार पर एक बड़ी चोट माना जा रहा है। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *