राजधानी जयपुर के मानसरोवर इलाके में बुधवार को सीआईडी क्राइम ब्रांच की टीम ने सूचना के आधार पर जाल बिछाकर दुल्हन सौदेबाजी गिरोह के एक बड़े मास्टरमाइंड को धर दबोचा। टीम ने भारत माता सर्किल पर कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी महावीर सुथार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी अंतर्राज्यीय फर्जी शादी और दुल्हन बेचने वाले संगठित गिरोह का सक्रिय सदस्य है। गिरफ्तारी के बाद उसे बालोतरा से आई थाना गिड़ा पुलिस टीम के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की विशेष टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी महावीर पुत्र तेजमल, निवासी उनियारा (टोंक), मानसरोवर क्षेत्र में छिपकर रह रहा है। इसके बाद प्रभारी एसआई शैलेंद्र शर्मा और कांस्टेबल बृजेश शर्मा के नेतृत्व में टीम ने रणनीति बनाकर मौके पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। फर्जी शादी के नाम पर की थी ढाई लाख की ठगी एडीजी सीआईडी सीबी बिपिन कुमार पाण्डेय ने बताया- पुलिस जांच में सामने आया है कि महावीर सुथार सितंबर 2023 में बालोतरा निवासी मगाराम को फर्जी शादी के जाल में फंसाकर ₹2.50 लाख की ठगी करने वाले गिरोह का अहम हिस्सा था। उसने मुख्य सरगना भंवरलाल शर्मा और रहमत खां के साथ मिलकर सौदेबाजी, धोखाधड़ी और पीड़ितों को ब्लैकमेल करने का काम किया। आरोपी लंबे समय से अपनी पहचान बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था। पांच राज्यों तक फैला है गिरोह का नेटवर्क भंवरलाल शर्मा और महावीर सुथार की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि गिरोह के पूरे नेटवर्क का खुलासा होगा। प्रारंभिक जांच में गिरोह का संबंध कोलकाता, असम, बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड से जुड़ा होना सामने आया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितने युवकों को फर्जी शादी का शिकार बनाया और कितनी लड़कियों की अवैध खरीद-फरोख्त की गई। उच्च अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई


