रायपुर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित कटोरा तालाब इलाके में एक ब्यूटी पार्लर एंड स्पा में हवाई फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना 25 फरवरी 2026 की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। दो युवक दुकान बंद होने के बाद स्पा करवाने की जिद करने लगे। जब स्पा सेंटर की मालकिन ने मना किया तो उन्होंने विवाद कर हवाई फायरिंग कर दी। जानकारी के अनुसार, महिला संचालिका ने बताया कि दुकान बंद हो चुकी थी और स्टाफ घर जा चुका था। इसी दौरान दो युवक पहुंचे और स्पा कराने की मांग करने लगे। मना करने पर दोनों ने शराब के नशे में बहस शुरू कर दी। आरोप है कि इनमें से एक युवक ने अपने पास रखी लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायर कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अगले दिन पुलिस के पास पहुंचा मामला घटना की सूचना संचालिका ने अगले दिन दोपहर में थाना सिविल लाइन में दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब दो घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक पिस्टल और एक एयर गन बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार पाण्डेय (46), निवासी शेखपुर, प्रतापगढ़ उत्तर प्रदेश, वर्तमान में प्राइवेट पीएसओ, और अंगद सिंह (33), निवासी आदर्श नगर मोवा, पेशा ड्राइवर के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


