बलौदाबाजार जिले की पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने थानों की कार्यप्रणाली में सुधार लाने के लिए एक नई डिजिटल पहल शुरू की है। इसके तहत अब थाना और चौकी आने वाले लोग क्यूआर कोड स्कैन कर अपना फीडबैक दे सकेंगे। यह कदम जनता से सीधा जुड़ाव बनाने और पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने के उनके प्रयासों का हिस्सा है। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में “प्रयास अभियान” के तहत इस क्यूआर कोड का उद्घाटन किया। ये क्यूआर कोड जिले के सभी थानों और चौकियों में लगाए जाएंगे। इसके माध्यम से कोई भी फरियादी या शिकायतकर्ता अपना फीडबैक फॉर्म भर सकेगा। जनता सीधे व्हाट्सएप के जरिए जानकारी भेज सकेगी यह नई पहल एसपी द्वारा पहले से जारी व्हाट्सएप नंबर के पूरक के रूप में काम करेगी। पूर्व में, उन्होंने एक समाधान सेल के माध्यम से व्हाट्सएप नंबर जारी कर अवैध गतिविधियों की जानकारी सीधे जनता से लेना शुरू किया था, जिससे लगातार कार्रवाई की जा रही है। क्यूआर कोड इसी डिजिटल संवाद की कड़ी में एक और महत्वपूर्ण कदम है। नई व्यवस्था के तहत, लोग क्यूआर कोड स्कैन कर एक फीडबैक फॉर्म भरेंगे। इसमें वे थाने के अनुभव, पुलिस स्टाफ के व्यवहार और अपनी शिकायत पर हुई कार्यवाही की गंभीरता के बारे में अपनी राय साझा कर सकते हैं। एसपी भावना गुप्ता ने बताया कि इस फीडबैक का मुख्य उद्देश्य पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाना, कार्यों में सुधार लाना और कमियों को दूर करना है। उनका लक्ष्य आम जनता का पुलिस पर भरोसा और मजबूत करना है। सतत मॉनिटरिंग से सुधरेगी व्यवस्था फीडबैक फॉर्म में मिलने वाली शिकायतों और सुझावों की सतत मॉनिटरिंग स्वयं पुलिस अधीक्षक की निगरानी में की जाएगी। इससे थाना स्तर पर आ रही कमियों को तुरंत दूर किया जा सकेगा और पुलिस के व्यवहार व सेवा की गुणवत्ता में निखार आएगा। उद्घाटन के अवसर पर एसपी भावना गुप्ता ने कहा, पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार और शांति व्यवस्था बनाए रखने में आमजनों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। व्हाट्सएप नंबर से हमें जनता की त्वरित जानकारी मिलती है, और अब क्यूआर कोड के जरिए लोग अपने अनुभव साझा कर पुलिस संबंधित कार्यों में अपना अमूल्य योगदान देंगे। गौरतलब है कि भावना गुप्ता के इस डिजिटल प्रयास की हर जगह सराहना हो रही है। उनके द्वारा शुरू किया गया ‘प्रयास अभियान’ न सिर्फ पुलिस की कार्यशैली में पारदर्शिता ला रहा है, बल्कि जिले वासियों को यह भरोसा भी दिला रहा है कि उनकी आवाज सीधे शीर्ष अधिकारी तक पहुंच रही है। इस फीड बेक के लिए एक टीम गठित है एसपी कार्यालय में जो लोगो द्वारा मिले सुझाव का जांच पड़ताल कर उस पर कार्यवाही करेगी और उसमें सुधार लगाने का प्रयास किया जाएगा ।


