बिलासपुर SBI में 2.6 करोड़ रुपए की हेराफेरी…कैशियर गिरफ्तार:बैंक रिकार्ड और खातों में छेड़छाड़ कर उड़ाई राशि, ACB की FIR के बाद 8 माह से थी फरार

बिलासपुर में स्टेट बैंक के रिकार्ड और खातों में छेड़छाड़ कर 2 करोड़ 6 लाख 37 हजार रुपए गबन करने वाली कैशियर को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में हेराफेरी उजागर होने के बाद कैशियर को निलंबित कर दिया गया था। वहीं, एसीबी में एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद से आरोपी कैशियर फरार चल रही थी। पूरा मामला बिल्हा स्थित एसबीआई शाखा का है। दरअसल, बिल्हा स्थित एसबीआई शाखा में पिछले साल 2025 में बैंक की राशि में हेराफेरी करने का मामला सामने आया था। बैंक का रिकार्ड और खातों की जांच के बाद पता चला कि बैंक में पदस्थ कैशियर तेजवथ थीरापतम्मा और अन्य कर्मचारियों ने मिलकर बैंक के रिकॉर्ड और खातों में छेड़छाड़ कर बैंक के साथ धोखाधड़ी कर 2 करोड़ 6 लाख 37 हजार रुपए का गबन कर लिया है। विभागीय जांच के बाद कैशियर सस्पेंड
बैंक में जमा राशि में अंतर आने के बाद शाखा प्रबंधक पीयूष बारा ने विभागीय जांच की, तब आर्थिक अनियमितता का पता चला। उन्होंने इसकी जानकारी मुख्यालय को दी, जिसके बाद कैशियर तेजवथ थीरापतम्मा को निलंबित कर दिया गया। साथ ही रिजनल बिज़नेस ऑफिस ( RBO ) जगदलपुर में अटैच कर दिया गया। जून 2025 में निलंबन के बाद कैशियर ने न तो कैशियर ने जगदलपुर में जॉइन किया और न ही बिल्हा आफिस आई, तब से वो ऑफिस से गायब थीं। मैनेजर ने ACB में दर्ज कराई एफआईआर, एसीबी कर रही थी तलाश
आर्थिक अनियमितता सामने आने के बाद शाखा प्रबंधक पीयूष बारा ने इस मामले की शिकायत एसीबी में की थी, जिस पर एसीबी की टीम ने 19 जनवरी 2026 को स्टेट बैंक बिल्हा की तत्कालीन कैशियर तेजवथ थीरापतम्मा एवं अन्य के खिलाफ धारा 13 (1) A, 13(2) पीसी एक्ट 1988 एवं धारा 316(5), 318(4), 61(2), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच कर रही थी। 8 माह से फरार थी कैशियर, एसीबी ने किया गिरफ्तार
इससे पहले स्टेट बैंक ने विभागीय स्तर पर जांच की थी। जिसमें कैशियर तेजवथ और अन्य को आर्थिक अनियमितता कर राशि गबन करने के लिए दोषी पाया था। एसीबी बिलासपुर ने मामले की जांच के दौरान स्टेट बैंक के विभागीय जांच रिपोर्ट और अपने स्तर पर संकलित साक्ष्य जुटाए थे, जिसके बाद बाद से कैशियर की तलाश में जुटी थी। साथ ही बिल्हा शाखा में मुखबिर भी लगाया था। गुरुवार को पता चला कि कैशियर तेजवथ बैंक आई हैं, यह जानकारी मिलते ही टीम वहां पहुंच गई, जिसके बाद घेराबंदी कर कैशियर तेजवथ को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने का प्रयास किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *