धमतरी में खाटू श्याम महोत्सव:201 निशान यात्रा निकली, श्याम बाबा का रथ सजा, गूंजे बाबा खाटू श्याम के जयकारे

छत्तीसगढ़ के धमतरी में शहर के श्याम भक्तों ने बाबा खाटू श्याम की निशान यात्रा निकाली। यह यात्रा तीन दिवसीय फाल्गुन महोत्सव के पहले दिन 26 फरवरी को मठ मंदिर से श्याम मंदिर तक आयोजित की गई। शोभायात्रा में 201 निशान, बाबा का दिव्य रथ, बैंड-बाजा और भजन मंडलियां शामिल थीं। भक्तों ने हाथों में लाल-पीले रंग की ध्वजा पताकाएं लेकर बाबा के जयकारे लगाए। पुरुषों ने सफेद और पीले वस्त्र धारण किए थे, जबकि महिलाएं लाल केसरिया साड़ियों में ध्वजा लिए चल रही थीं। यात्रा का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया और पूरे मार्ग में बूंदी प्रसाद का वितरण किया गया। श्याम मंदिर में तीन दिवसीय फाल्गुन महोत्सव श्री श्याम चैरिटेबल ट्रस्ट धमतरी द्वारा श्री श्याम मंदिर धमतरी धाम में इस तीन दिवसीय फाल्गुन महोत्सव का आयोजन किया गया है। 27 फरवरी को रामधुनी समिति द्वारा भजन संध्या की प्रस्तुति दी जाएगी। इस दौरान बाबा का अलौकिक श्रृंगार, लक्ष्मी जी और हनुमान जी का दिव्य श्रृंगार किया जाएगा, साथ ही समस्त श्याम भक्तों द्वारा 56 भोग अर्पित किया जाएगा। महोत्सव का समापन 28 फरवरी को भावपूर्ण पाठ के साथ होगा। श्री श्याम चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेश गोयल ने बताया कि निशान यात्रा में धमतरी और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जो भक्त श्याम बाबा का निशान उठाते हैं, उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, क्योंकि बाबा को ‘हारे का सहारा’ माना जाता है। गोयल ने यह भी बताया कि यह आयोजन श्याम बाबा के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। धमतरी में एक भव्य मंदिर बनाया गया है, जहां हजारों की संख्या में भक्त दर्शन करने पहुंचते हैं और इन धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। श्याम भक्त ममता अग्रवाल ने बताया कि श्री श्याम मंदिर, धमतरी में तीन दिवसीय फाल्गुन महोत्सव मनाया जा रहा है। पहले दिन शहर के मुख्य मार्ग से निशान यात्रा निकाली गई, जो मंदिर में समाप्त हुई, और इसके बाद सभी भक्तों के लिए महाप्रसादी का वितरण किया गया। दूसरे दिन बाबा का भव्य श्रृंगार किया जाएगा और तीसरे दिन अखंड ज्योति पाठ का आयोजन होगा। इस उत्सव को बड़े धूमधाम से मनाया जाता है और सभी श्याम भक्त इसके लिए सालों से इंतजार करते हैं। श्रद्धालुओं ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है कि भक्त श्याम बाबा से जुड़े रहें, बाबा का प्रचार-प्रसार हो और लोग सनातन परंपरा से जुड़े रहें। निशान यात्रा का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों तक श्याम बाबा का संदेश पहुंचाना है। श्रद्धालुओं ने बताया कि श्याम बाबा कलयुग के अवतारी हैं और हर किसी का सहारा बनते हैं। जो लोग हारते हैं, उनके बाबा उन्हें सहारा देते हैं और उनकी मनोकामनाएँ पूरी करते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *