लुधियाना जिले के जगराओं में एक युवक से ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 25.85 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने जब अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे धमकाया और गाली-गलौज की। इस मामले में बाप-बेटे समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एएसआई गुरमीत सिंह ने बताया कि अगवाड़ गुजरा निवासी पीड़ित अजेपाल सिंह ऑस्ट्रेलिया जाना चाहता था। उसकी मुलाकात नवप्रीत सिंह से हुई, जिसने अपनी पार्टनर मेघा सूद के साथ मिलकर उसे ऑस्ट्रेलिया भेजने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि नवप्रीत सिंह और मेघा सूद ने अजेपाल सिंह से अलग-अलग किस्तों में कुल 25.85 लाख रुपये ले लिए। पैसे मांगने पर की गाली-गलौज इस दौरान काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो उसका वीजा लगा और न ही विदेश भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ी। इसके बाद पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे। पीड़ित के मुताबिक, जब वह पैसे लेने नवप्रीत सिंह के घर पहुंचा, तो नवप्रीत के पिता राजविंदर सिंह ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज की और धमकियां दीं। धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज इसके बाद अजेपाल सिंह ने एसएसपी लुधियाना देहात को लिखित शिकायत दी। एसएसपी के निर्देश पर थाना सिटी पुलिस ने मामले की गहन जांच की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर नवप्रीत सिंह, उसके पिता राजविंदर सिंह (निवासी अजीत नगर जगराओं) और मेघा सूद (निवासी धर्मकोट, मोगा) के खिलाफ धोखाधड़ी और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी ने बताया कि तीनों आरोपी फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ने का दावा किया है।


