एआई समिट और युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी के विरोध में बिलासपुर में युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को भाजपा कार्यालय का घेराव करने निकले। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। इसके चलते पुलिसकर्मियों से उनकी जमकर धक्का मुक्की हुई, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर नारेबाजी की। दरअसल, नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान विरोध प्रदर्शन कर रहे युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर देश भर में कांग्रेसी विरोध प्रदर्शन कर आंदोलन कर रहे हैं। गुरुवार को बिलासपुर में भी युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। पदाधिकारियों ने रैली निकालकर भाजपा कार्यालय का घेराव करने का एलान किया था। इसके चलते पुलिस ने उन्हें रोकने पुराना बस स्टैंड स्थित करबला रोड पर बेरीकेड लगाकर घेराबंदी की थी। बड़ी संख्या में तैनात रही पुलिस, कार्यकर्ताओं से हुई धक्कामुक्की
इस दौरान करबला रोड पर भाजपा कार्यालय के पहले ही बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात थे। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए बेरीकेड भी लगाए गए थे। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए पहुंचे, तब पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों से उनकी धक्कामुक्की हुई। लेकिन, कार्यकर्ता आगे बढ़ने में नाकाम रहे। राजनीतिक दबाव बनाने की गई गिरफ्तारी
युवा कांग्रेस के शहर अध्यक्ष शेरू असलम ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी राजनीतिक दबाव बनाने के लिए की गई है। ताकि केंद्र सरकार के खिलाफ कोई विरोध-प्रदर्शन न हो। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार आलोचना से घबराई हुई है और लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने का प्रयास कर रही है। युवा कांग्रेस ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष की तत्काल रिहाई की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि यह मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी का पुतला दहन भी किया, जिसे पुलिसकर्मियों ने पानी डालकर बुझा दिया।


