पाकिस्तान से ड्रोन पर आए पिस्टल-कारतूस:BSF ने ड्रोन सहित हथियार पकड़े, पांच पिस्टल और तीन सौ से ज्यादा कारतूस

भारत-पाक सीमा से सटे खाजूवाला क्षेत्र में पहली बार हथियारों की बड़ी खेप पकड़ी गई है। खाजूवाला थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत 14 बीडी के चक 24 केएनडी में एक किसान के खेत से हथियारों का जखीरा बरामद हुआ है। बीएसएफ के सर्च में पांच पिस्टल और तीन सौ से ज्यादा कारतूस बरामद हुए हैं। बीएसएफ के प्रवक्ता कमांडेंट महेश चौधरी ने बताया कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारी मात्रा में हथियार और कारतूस भारतीय सीमा में भेजे गए। सुरक्षा एजेंसियों ने मौके से मेड इन चाइना 5 पिस्टल और करीब 326 कारतूस जब्त किए हैं। एक ड्रोन भी बरामद किया गया है। ड्रोन का वजन ही करीब सत्तर किलो के आसपास है। हथियार पाकिस्तान से ही भेजे गए हैं, ये स्पष्ट हो गया है। BSF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई कार्रवाई में सीमा सुरक्षा बल (BSF) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। खाजूवाला सीओ अमरजीत चावला, थाना प्रभारी प्रशिक्षु आरपीएस रोहित चौधरी सहित BSF की जी ब्रांच के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पाक तस्करों ने ड्रोन के माध्यम से पैकेटों में हथियार सीमा पार भेजे थे, जिन्हें खेत में गिराया गया। SHO बोले, अनुसंधान जारी खाजूवाला थाने के थानाधिकारी रोहित चौधरी ने बताया, हमें मौके से एक ड्रोन और कुछ पैकेट्स मिले हैं। इन पैकेट्स में पिस्टल और कारतूस बरामद हुए हैं। पूरे मामले का अनुसंधान किया जा रहा है। फिलहाल खाजूवाला पुलिस और बीएसएफ की ओर से संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां इस एंगल से भी जांच कर रही हैं कि हथियारों की यह खेप किसके लिए भेजी गई थी और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *