जयपुर के सवाई मानसिंह इंडोर स्टेडियम में गुरुवार से 20वीं ऑल इंडिया हनुमान सिंह विमेंस हैंडबॉल चैंपियनशिप की शुरुआत हुई। तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्घाटन युवा मामले और खेल विभाग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राजस्थान में खेलों का माहौल तेजी से विकसित हो रहा है। राज्य के हैंडबॉल खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा- राजस्थान के कई हैंडबॉल खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा हैं और सरकार का प्रयास है कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक संसाधन मिलें, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। 10 टीमें लेंगी हिस्सा
राजस्थान राज्य हैंडबॉल संघ के मानद सचिव यश प्रताप सिंह ने बताया- प्रतियोगिता का आयोजन हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के तत्वावधान में राजस्थान राज्य हैंडबॉल संघ और हनुमान सिंह फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है। इसमें मेजबान राजस्थान सहित देश की 10 शीर्ष टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, नॉर्दर्न रेलवे, बीएसएफ, सीआईएसएफ और एलपीयू फगवाड़ा शामिल हैं। इस मौके पर राज्य हैंडबॉल संघ अध्यक्ष ललित कुमार कलाल और भारतीय महिला हैंडबॉल टीम के हेड कोच सचिन चौधरी भी मौजूद रहे।


