छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक यात्री बस में लगभग 4-5 माह का एक बच्चा लावारिस मिला है। बताया जा रहा है कि एक महिला बच्चे को बस की सीट पर छोड़कर फरार हो गई। यात्रियों की सूचना पर पुलिस और चाइल्ड लाइन की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह घटना गुरुवार को धमतरी शहर के बस स्टैंड पर हुई। रायपुर से धमतरी आ रही एक यात्री बस में एक महिला बच्चे को सीट पर सुलाकर उतर गई। जब काफी देर तक बच्चे का कोई अभिभावक नहीं दिखा, तो यात्रियों ने पुलिस को सूचना दी। बच्चे को महिला एवं बाल विकास विभाग को सौंपा जाएगा सूचना मिलते ही पुलिस और चाइल्ड लाइन की टीम ने बच्चे को जिला अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद डॉ. अखिलेश देवांगन ने बच्चे को स्वस्थ बताया। डॉ. देवांगन ने कहा कि बच्चे की पारंपरिक जांच की जा रही है और उसके बाद उसे महिला एवं बाल विकास विभाग को सौंपा जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी चाइल्ड लाइन की नीलम साहू ने बताया कि यह एक लड़का है, जिसकी उम्र लगभग 4 से 5 माह है और वह पूरी तरह स्वस्थ है। महिला कौन थी और उसने ऐसा क्यों किया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। फिलहाल बच्चा बाल कल्याण समिति (CWC) के अधीन है। उसे विशेष दत्तक ग्रहण एजेंसी कांकेर को सौंपा जाएगा, जिसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


