बीजापुर के दुगोली इकोपार्क में वन विभाग द्वारा रात के अंधेरे में बुलडोजर लगाकर बेशकीमती सागौन के पेड़ गिराए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि अब तक लगभग 20 पेड़ जमींदोज किए जा चुके हैं, जबकि कुल 35 पेड़ गिराने की योजना है। इस कार्रवाई का कारण नर्सरी विकसित करना और पेड़ों की छांव से पौधों को पर्याप्त रोशनी न मिलना बताया गया है। इस कार्रवाई को लेकर पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि न तो रेंजर, न एसडीओ और न ही सीसीएफ ने कोई आधिकारिक आदेश साझा किया है। विशालकाय पेड़ों को मशीनों से काटा जा रहा है और बुलडोजर से हटाया जा रहा है। रात के अंधेरे में की जा रही यह जल्दबाजी में की गई कार्रवाई संदेह के घेरे में है। डीएफओ ने दिया पेड़ गिराने का आदेश वन विभाग के एसडीओ देवेंद्र गोंड ने इस मामले पर टिप्पणी करते हुए कहा कि रात में कार्रवाई करने की आवश्यकता नहीं थी और यह दिन में भी की जा सकती थी। उन्होंने बताया कि पेड़ों को गिराने का आदेश डीएफओ द्वारा दिया गया है और सीसीएफ की अनुशंसा के लिए पत्र भेजा गया है। हालांकि, एसडीओ गोंड आदेश की प्रति उपलब्ध नहीं करा सके। वहीं, जगदलपुर के सीसीएफ आलोक तिवारी ने पुष्टि की कि उन्होंने ही पेड़ों को गिराने की अनुशंसा की थी। उन्होंने बताया कि पिछली बार दौरे के दौरान उन्होंने स्थिति का जायजा लिया था और पेड़ों को हटाने का निर्देश दिया था। सीसीएफ तिवारी ने यह भी बताया कि उनका कल फिर से क्षेत्र का दौरा है।


