सुजानपुर में 4 दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव 1 मार्च से:सीएम सुक्खू करेंगे शुभारंभ, पंजाबी सिंगर बब्बू मान- मनकीरत औलख देंगे परफॉर्मेंस

हिमाचल प्रदेश की ऐतिहासिक नगरी सुजानपुर में 1 से 4 मार्च 2026 तक चार दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 1 मार्च को महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। आयोजन समिति के अनुसार, महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन होगा। इनमें देश-प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम स्थल पर दर्शकों की सुविधा के लिए सुरक्षा, यातायात, बैठने की व्यवस्था, पेयजल और प्रकाश के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। पहली सांस्कृतिक संध्या 1 मार्च को होगी, जिसमें प्रसिद्ध पंजाबी गायक बब्बू मान अपनी परफॉर्मेंस देंगे। पुलिस विभाग का बैंड ‘हार्मनी ऑफ द पाइन्स’ भी मंच पर प्रस्तुति देगा। बब्बू मान के गीतों को लेकर युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख देंगे प्रस्तुति दूसरी सांस्कृतिक संध्या 2 मार्च को आयोजित की जाएगी, जिसमें राजेश धर्माणी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर पंजाबी संगीत जगत के चर्चित कलाकार मनकीरत औलख अपनी प्रस्तुति देंगे। 3 मार्च को तीसरी संध्या में विधायक सुरेश कुमार मुख्य अतिथि होंगे। इस दिन प्रसिद्ध गायिका सुनंदा शर्मा और हिमाचली लोकगायक अनुज शर्मा अपनी सुमधुर आवाज से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। चौथी और अंतिम सांस्कृतिक संध्या 4 मार्च को होगी, जिसमें स्टार गायक कुमार साहिल सहित अन्य प्रसिद्ध हिमाचली कलाकार रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे। महोत्सव का समापन समारोह भी 4 मार्च को ही आयोजित किया जाएगा, जिसमें हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का प्रयास : एसडीएम आयोजन समिति के अनुसार, यह महोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं से जोड़ने का एक प्रयास है। चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन से स्थानीय व्यापारियों और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। एसडीएम विकास शुक्ला ने जानकारी दी कि मेले को भव्य रूप से मनाने की तैयारियां जारी हैं। उन्होंने बताया कि पुरातन परंपराओं के साथ-साथ मेले में नयापन भी लाया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *