चित्रकूट में भारत रत्न नानाजी देशमुख की 15वीं पुण्यतिथि पर ग्रामोदय विश्वविद्यालय के छात्रों ने एक अनूठा आयोजन किया। छात्रों ने 1000 फीट लंबी और 12 फीट चौड़ी भव्य तिरंगा यात्रा निकालकर नानाजी देशमुख को श्रद्धांजलि अर्पित की। यह तिरंगा यात्रा विश्वविद्यालय परिसर से शुरू होकर मंदाकिनी के भरत घाट पर समाप्त हुई। इस यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। तिरंगे को शिरोधार्य कर सबसे लंबी दूरी तय करने के लिए विश्वविद्यालय के छात्रों को लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र दिया गया। यात्रा का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर से देव पूजन के साथ हुआ। राष्ट्रगीत की धुन पर निकली यात्रा में भारत माता की झांकी भी शामिल थी। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। भरत घाट पर कस्मतनाथ मंदिर के महंत डॉ. मदन गोपाल दास जी महाराज ने यात्रा की अगवानी की। साथ ही कई साधु-संत और आम नागरिक भी इस ऐतिहासिक यात्रा में शामिल हुए। कार्यक्रम में लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रतिनिधि शैलेन्द्र कुमार भी मौजूद रहे।