मंत्री राज्यवर्द्धन ने स्टूडेंट्स के साथ संभाली ट्रैफिक व्यवस्था:कहा- यातायात पुलिस सालभर ऐसे प्रोग्राम चलाएं, स्टूडेंट्स बोले- नियम तोड़ने वालों को देख बुरा लगा

जयपुर में कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ ने सड़क पर ट्रैफिक व्यवस्था संभाली। राठौड़ ने स्कूली स्टूडेंट्स के साथ पुलिसकर्मियों के सहयोग से ट्रैफिक व्यवस्था का संचालन किया। स्टूडेंट्स ने मौके पर उपस्थित रहकर ट्रैफिक प्रबंधन को समझा। साथ ही लोगों से संवाद भी किया। वहीं स्टूडेंट्स ने कहा- उनकी आंखों के सामने ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले ड्राइवरों को देखकर बुरा भी लगा। कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ ने झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के तीन प्रमुख चौराहों सिरसी रोड, विजय द्वार और वैशाली नगर में गुरुवार को ट्रैफिक व्यवस्था देखी। मंत्री राठौड़ ने इस मौके पर कहा- ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार केवल इंफ्रास्ट्रक्चर से नहीं, बल्कि लोगों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव से संभव है। उन्होंने पुलिस विभाग और गृह विभाग से सालभर स्टूडेंट-पुलिस इंटर्नशिप प्रोग्राम चलाने का आह्वान भी किया। कहा- किसी ने आपकी बात नहीं मानी तो कैसा लगा
इस मौके पर मंत्री राठौड़ ने ट्रैफिक व्यवस्था संभालने वाले स्टूडेंट्स से उनके अनुभव भी पूछे। स्टूडेंट्स ने बताया- उन्हें ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के बाद पता चला कि एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कितनी मेहनत करता है। इस मौके पर ट्रैफिक नियमों की पालना करने वाले ड्राइवरों का अभिनंदन भी किया गया। हर सप्ताह ट्रैफिक संभालेंगे मंत्री
कर्नल राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ ने कहा- हम इस कार्यक्रम को पूरे महीने चलाएंगे। इसमें हर सप्ताह एक दिन स्टूडेंट्स के साथ इसी तरह से चौराहों पर ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में ट्रैफिक पुलिस की मदद करेंगे और उनसे ट्रैफिक मैनेजमेंट सीखेंगे। राठौड़ ने कहा- अगर बच्चे इसी उम्र में यह सीख जाएंगे कि ट्रैफिक किस तरह से मैनेज होता है तो वह कभी भी ट्रैफिक नियमों की अवहेलना नहीं करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *