लुधियाना| आम आदमी पार्टी की बीसी विंग को संगठनात्मक स्तर पर और मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए जिला प्रधान जतिंदर सिंह खंगूडा ने नए नियुक्त विधानसभा कोऑर्डिनेटरों को सम्मानित किया। यह कार्यक्रम बीसी विंग के जिला प्रधान विजय सिंह की विशेष मौजूदगी में आयोजित किया गया, जिसमें नई टीम का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उन्हें भविष्य की जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर विधानसभा हलका वेस्ट से करमजीत सिंह नारंगवाल, आत्म नगर से अवतार सिंह कंडा, सेंट्रल से सरबजीत सिंह चांद, लुधियाना ईस्ट से केसर चौधरी, लुधियाना नॉर्थ से मलकीत सिंह तथा लुधियाना साउथ से सतनाम सिंह को कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए जाने पर सम्मानित किया गया। खंगूडा ने कहा कि बीसी विंग पार्टी का एक मजबूत और महत्वपूर्ण स्तंभ है, जो समाज के पिछड़े वर्गों की आवाज को संगठन तक पहुंचाने का कार्य करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए नियुक्त कोऑर्डिनेटर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे तथा पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाएंगे।


