सिटी रिपोर्टर | बिलासपुर अशोक नगर की अमृत मिशन की 100 मिमी व्यास वाली मुख्य पाइपलाइन आखिरकार 41 दिन की देर के बाद दुरुस्त हो गई है। गुरुवार को खूंटाघाट से पानी सप्लाई शुरू कर 22 टंकियों में भरकर टेस्टिंग की गई, जो पूरी तरह सफल रही। शुक्रवार से नियमित सप्लाई शुरू होगी। दरअसल, अमृत मिशन की मेन लाइन के मैकेनिकल ज्वाइंट के फट जाने से पानी की सप्लाई बाधित हो गई थी। यह ज्वाइंट लाइन का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां से पानी का दबाव संतुलित रहता है। ज्वाइंट क्षतिग्रस्त होने के कारण लीकेज बढ़ गया था और सप्लाई बंद करनी पड़ी थी। मरम्मत के लिए विशेष रबर गास्केट की आवश्यकता थी, जो स्थानीय स्तर पर उपलब्ध नहीं था। नगर निगम ने इसे कोलकाता से मंगाने का ऑर्डर दिया था। करीब 41 दिन बाद गास्केट उपलब्ध हुआ, जिसके बाद तकनीकी टीम ने लाइन को जोड़ने और सील करने का काम पूरा किया। मरम्मत कार्य के दौरान एहतियातन दो दिन तक खूंटाघाट से पानी की सप्लाई बंद रखी गई थी। कार्य पूरा होने के बाद सप्लाई बहाल की गई और टेस्टिंग के तौर पर शहर की सभी 22 पानी टंकियों को भरा गया। किसी प्रकार की लीकेज या दबाव की समस्या सामने नहीं आई। यह मुख्य पाइपलाइन शहर की जलापूर्ति व्यवस्था की रीढ़ है। इसी लाइन के माध्यम से 22 टंकियों में पानी पहुंचता है और वहां से विभिन्न वार्डों में वितरण होता है। लाइन दुरुस्त होने के साथ ही अब जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर लौट आएगी। नियमित सप्लाई शुरू होने से नागरिकों को टैंकर और वैकल्पिक व्यवस्था पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। लाइन की मरम्मत हो चुकी ^अशोक नगर में मेन लाइन की रिपेयरिंग कराई जा चुकी है। टेस्टिंग भी किया गया, जो सफल रहा। गुरुवार की शाम सप्लाई भी की गई। शुक्रवार से सुबह-शाम नियमित सप्लाई की जाएगी। – अनुपम तिवारी, प्रभारी, जल शाखा


