भास्कर न्यूज|गुमला नगर परिषद गुमला के अध्यक्ष व वार्ड पार्षद पद के लिए संपन्न निर्वाचन की मतगणना कार्तिक उरांव महाविद्यालय परिसर स्थित मतगणना केंद्र में आज की जाएगी। मतगणना कार्य पूर्ण कर परिणाम दोपहर अथवा शाम तक घोषित कर दिए जाएंगे। केंद्र में कुल 22 टेबल लगाए गए हैं। प्रत्येक टेबल पर 3-3 मतगणना कर्मी प्रतिनियुक्त रहेंगे। मतगणना दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम राउंड में बूथ संख्या 1 से 11 तक के मतों की गिनती की जाएगी, जबकि द्वितीय राउंड में बूथ संख्या 12 से 22 तक के मतों की गणना होगी। इसके उपरांत अध्यक्ष पद का परिणाम घोषित किया जाएगा। अध्यक्ष पद के लिए कुल 9 अभ्यर्थियों ने चुनाव लड़ा है, जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 112 अभ्यर्थी मैदान में हैं। मतगणना केंद्र पर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। केंद्र परिसर में मोबाइल फोन व तंबाकू पदार्थ ले जाने व उनके उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। सभी पोलिंग एजेंटों को पहचान पत्र निर्गत किए गए हैं। जिनके आधार पर वे निर्धारित नियमों का पालन करते हुए मतगणना केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे। मतगणना केंद्र की सुरक्षा तीन स्तरीय व्यवस्था के अंतर्गत की गई है। 300 पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, जो विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुस्तैद रहेंगे। चंदा बगीचा मैदान में होगी वाहनों की पार्किंग: मतगणना केंद्र के बाहर लोगों की मौजूदगी को देखते हुए पार्किंग स्थल तय किया गया है। गुमला नगर परिषद क्षेत्र की ओर से आने वाले सभी वाहनों के लिए पार्किंग स्थल केओ कॉलेज गुमला से करमडीपा जाने वाले मार्ग स्थित चंदा बगीचा मैदान में निर्धारित किया गया है। बैरिकेडिंग व यातायात नियंत्रण को लेकर व्यवस्था की गई है। जिसके तहत कार्तिक उरांव महाविद्यालय के मुख्य द्वार से 50 मीटर की दूरी पर गुमला जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग रहेगी। मुख्य द्वार से 50 मीटर की दूरी पर पालकोट जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग, मुख्य द्वार के दाहिने व बाएं ओर बने बैरिकेडिंग क्षेत्र के बीच पैदल गश्ती की व्यवस्था की गई है। करमडीपा जाने वाले मार्ग के पास विशेष निगरानी होगी। घाघरा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास रोका जाएगा। पुगु बाइपास, सिलम बाइपास व डुमरडीह बाईपास रोड के पास मतगणना केंद्र की ओर आने वाले भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। परिसदन स्थित मंडल कारा गुमला मोड़ के पास भी नियंत्रण व्यवस्था लागू रहेगी। मतगणना को लेकर एसडीओ राजीव नीरज व एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव द्वारा संयुक्त रूप से विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर विस्तृत ब्रीफिंग कार्तिक उरांव कॉलेज परिसर में की गई। यह संयुक्त ब्रीफिंग डीडीसी दिलेश्वर महतो व जनरल ऑब्जर्वर कमल कांत गुप्ता की उपस्थिति में आयोजित की गई। जिसमें मतगणना के दौरान सुरक्षा प्रबंध, भीड़ नियंत्रण, प्रवेश-निकास व्यवस्था, पास सत्यापन, दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती, संवेदनशील बिंदुओं की निगरानी और आपात स्थिति से निपटने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतगणना केंद्र व उसके आसपास शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। सभी तैनात दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे व किसी भी प्रकार की अफवाह या अवांछित गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।


