बड़ाइक मुहल्ला में छापेमारी कर 48 किलो गांजा के साथ पिता-पुत्र को पकड़ा,

भास्कर न्यूज|गुमला नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए गुमला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शहर के बड़ाइक मुहल्ला स्थित एक घर में देर रात छापेमारी कर 48 किलोग्राम गांजा के साथ पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया गया। साथ ही बिक्री से प्राप्त 39,280 रुपए नकद भी बरामद किए गए। बरामद गांजा की बाजार मूल्य करीब छह लाख रुपए है। एसपी हारिस बिन जमां ने प्रेस वार्ता में कहा कि 26 फरवरी की देर रात उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि बड़ाइक मुहल्ला निवासी राहुल कुमार सिंह और उसके पिता राजकिशोर सिंह उर्फ गुड्डू सिंह अपने घर में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर अवैध रूप से बेच रहे हैं। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। दल में थाना प्रभारी महेंद्र कुमार करमाली, सहायक अवर निरीक्षक विनय कुमार राम, सुनील कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। मौके पर मौजूद दोनों व्यक्तियों ने अपना नाम राहुल कुमार सिंह और राजकिशोर सिंह उर्फ गुड्डू सिंह बताया। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर घर के पीछे बने एल्बेस्टस के दो कमरों में से एक कमरे में विमल पान मसाला लिखे चार बोरों में टेप से लिपटे 32 पैकेट बरामद किए गए। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान राहुल कुमार सिंह (पिता-राजकिशोर सिंह) एवं राजकिशोर सिंह उर्फ गुड्डू सिंह (पिता-स्व. बहुरन सिंह), दोनों निवासी बड़ाइक मुहल्ला, थाना व जिला गुमला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार राजकिशोर सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के मामले में ओडिशा की जेल में दस वर्ष की सजा काट चुका है। पुलिस ने संकेत दिया है कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *