एयर एंबुलेंस कंपनी रेडबर्ड का रांची दफ्तर बंद, बोर्ड उखाड़ फेंका

चतरा में एयर एंबुलेंस हादसे के बाद विमान कंपनी रेडबर्ड एयरलाइंस प्राइवेट लिमिटेड का रांची स्थित स्टेट हैंगर कार्यालय बंद कर दिया गया है। हिनू स्थित दफ्तर का शटर बंद है। उस पर ताला लटक रहा है। कार्यालय के बाहर लगा कंपनी का बोर्ड उखाड़कर हटा दिया गया है। कार्यालय के मोबाइल नंबर पर स्टीकर चिपका दिया गया है। हादसे से जुड़े सवालों पर कंपनी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। कंपनी की वेबसाइट को भी ‘मेंटेनेंस मोड’ में डाल दिया गया है। वेबसाइट पर फिलहाल कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है।
स्थानीय संचालन से जुड़े लोग भी दफ्तर में मौजूद नहीं बताए जा रहे हैं। 23 फरवरी को कंपनी का सी-90 विमान रांची से एक मरीज को एयर लिफ्ट कर जा रहा था। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद चतरा जिले के सिमरिया क्षेत्र के कसियातु जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद से प्रबंधन से संपर्क की कोशिशें जारी हैं, लेकिन कंपनी की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया है। एक ही विमान से सब्सिडी और निजी सेवा, अब उठे सवाल जांच में सामने आया है कि यही विमान झारखंड में गंभीर मरीजों को एयर लिफ्ट करने की सब्सिडी सेवा में भी इस्तेमाल किया जा रहा था। जानकारी के मुताबिक, विमान हर महीने औसतन 12 से 15 दिन उड़ान भरता था। इनमें से 10-11 मरीजों को झारखंड सरकार की सब्सिडी दर पर दूसरे बड़े अस्पतालों तक पहुंचाया जाता था, जबकि बाकी उड़ानें निजी भुगतान पर संचालित होती थीं। अब बड़ा सवाल यह है कि जब सरकार के साथ सब्सिडी सेवा के लिए एमओयू लागू था, तो उसी विमान का निजी वाणिज्यिक उपयोग किन शर्तों पर और किसकी अनुमति से किया जा रहा था। मेंटेनेंस, क्रू ड्यूटी और सुरक्षा प्रोटोकॉल की जांच जरूरी…एयर एंबुलेंस की मेंटेनेंस साइकिल, अनिवार्य निरीक्षण और उड़ान-पूर्व सुरक्षा जांच को सर्वोच्च प्राथमिकता माना जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि एक ही विमान का उपयोग सरकारी और निजी दोनों तरह की उड़ानों के लिए किया गया, तो मेंटेनेंस अंतराल, स्पेयर पार्ट्स के उपयोग और लॉगबुक एंट्री की स्वतंत्र जांच जरूरी है। आशंका यह भी जताई जा रही है कि अतिरिक्त व्यावसायिक दबाव से निर्धारित मेंटेनेंस विंडो प्रभावित हो सकती है। प्रशासनिक स्तर पर अब संबंधित दस्तावेजों और अनुबंध शर्तों की समीक्षा की तैयारी की जा रही है, ताकि हादसे के कारणों और जिम्मेदारी को स्पष्ट किया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *