झारखंड के 48 नगर निकायों में 23 फरवरी को हुए मतदान के बाद अब परिणामों की घड़ी आ गई है। मतगणना शुक्रवार सुबह 8 बजे से शुरू होगी और अधिकांश निकायों के नतीजे देर शाम तक घोषित कर दिए जाएंगे। बड़े निकायों में मतों की संख्या अधिक होने के कारण कुछ स्थानों पर अंतिम परिणाम शनिवार तक आ सकते हैं। दोपहर 1 बजे तक खूंटी, बुंडू, बासुकीनाथ और महागामा नगर पंचायतों के साथ-साथ पाकुड़ और गोड्डा नगर परिषद अध्यक्ष पद के परिणाम घोषित होने की संभावना है। सभी नगर पंचायतों के अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों के नतीजे शुक्रवार को ही जारी कर दिए जाएंगे। वहीं, रांची में नगर निगम को 53 नए वार्ड पार्षद मिल सकते हैं। राज्य चुनाव आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि हजारीबाग और मानगो के परिणाम शुक्रवार को निश्चित रूप से घोषित होंगे। आयोग का प्रयास है कि धनबाद नगर निगम को छोड़कर गिरिडीह, देवघर, आदित्यपुर, मेदिनीनगर, रांची और चास के नतीजे भी उसी दिन जारी कर दिए जाएं। इस संबंध में संबंधित जिलों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि एक राउंड की मतगणना में लगभग दो घंटे लग सकते हैं। निर्धारित समय के अनुसार गिनती रात 8 बजे तक पूरी की जानी है। हालांकि यदि किसी मतपेटी की गिनती शेष रह जाती है या कुछ ही मतपेटियों का परिणाम बाकी होता है, तो समय सीमा को रात 10 बजे तक बढ़ाया जा सकता है। रांची नगर निगम…5 राउंड में तय होगी शहर की नई सरकार रांची नगर निगम चुनाव की मतगणना शुक्रवार सुबह 8 बजे से सुकुरहुटू स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में शुरू होगी। बैलेट पेपर से हुए मतदान के कारण काउंटिंग में समय लगने की संभावना है, लेकिन प्रशासन ने प्रक्रिया को तेज रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। इस चुनाव में मेयर पद के 11 और वार्ड पार्षद के 364 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। शहर के 53 वार्डों के 909 बूथों पर पड़े 4,45,922 वोटों की गिनती के लिए 9 काउंटिंग हॉल बनाए गए हैं। हर हॉल में 25 टेबल लगाए गए हैं, यानी 225 टेबल पर एक साथ मतगणना होगी। एक राउंड में 25 बूथों की काउंटिंग होगी। इस हिसाब से 909 बूथों की गिनती पांच राउंड में पूरी करने की योजना है। प्रशासन ने एक राउंड में ढाई से तीन घंटे का समय लगने का अनुमान लगाया है। यदि एक राउंड ढाई घंटे में पूरा होता है तो रात 9 बजे तक 53 वार्डों के पार्षदों और मेयर पद की तस्वीर साफ हो सकती है। हालांकि किसी राउंड में तीन घंटे से अधिक समय लगने पर शुक्रवार रात तक 45 वार्डों के ही नतीजे आ पाएंगे। शेष वार्डों और मेयर पद के विजेता की घोषणा शनिवार को होगी, क्योंकि रात 8 बजे तक ही काउंटिंग की अनुमति है। यहां मेयर व अध्यक्ष का रिजल्ट कल आएगा नगर निगम: धनबाद नगर परिषद: साहिबगंज यहां मेयर-अध्यक्ष का रिजल्ट आज रात या कल आएगा नगर निगम: रांची, गिरिडीह, देवघर, आदित्यपुर, मेदिनीनगर नगर परिषद: झुमरी तिलैया, मधुपुर, फुसरो, कपाली टेबल की संख्या: 1309 यहां मेयर व अध्यक्ष का रिजल्ट आज आएगा नगर निगम: हजारीबाग और मानगो नगर परिषद: गढ़वा, विश्रामपुर, चतरा, गोड्डा, पाकुड़, दुमका, मिहिजाम, चिरकुंडा, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, चक्रधरपुर, चाईबासा, जुगसलाई नगर पंचायत: बंशीधर नगर, मझिआंव, हुसैनाबाद, हरिहरगंज, छत्तरपुर, लातेहार, कोडरमा, डोमचांच, बड़की सरैया, धनवार, महागामा, राजमहल, बरहरवा, बासुकीनाथ, जामताड़ा, बुंडू, खूंटी, सरायकेला, चाकुलिया मतदान केंद्रों की कुल संख्या: 4307
कुल वार्डों की संख्या: 1087 नगर निगम: 9 नगर परिषद: 20 नगर पंचायत: 19


