भास्कर न्यूज | कांकेर शहर को पानी उपलब्ध कराने वाला ग्राम दसपुर खुद पेयजल संकट से जूझ रहा था। बगरूम चौक और छोटे पारा क्षेत्र में लंबे समय से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई थी। पानी की टंकी गांव के दूसरे हिस्से में होने के कारण सप्लाई इस क्षेत्र तक नहीं पहुंच पा रही थी, जिससे रहवासियों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों ने बताया कि गर्मी बढ़ते ही स्थिति और विकट हो जाती थी। दूर-दूर से पानी लाना पड़ता था, जिससे महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती थी। समस्या को लेकर ग्राम पंचायत दसपुर के सरपंच सूर्या नेताम और श्री शिव शक्ति महिला समिति के सदस्यों ने विधायक आशाराम नेताम के समक्ष ज्ञापन प्रस्तुत किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने तत्काल पहल की। मात्र दो दिनों के भीतर बगरूम चौक क्षेत्र में सफलतापूर्वक बोर खनन कराया गया। बोर से पर्याप्त पानी निकलने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों पुरानी समस्या का इतना त्वरित समाधान होने से वे बेहद खुश हैं। बगरूम चौक और छोटे पारा के निवासियों ने विधायक आशाराम नेताम के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब उन्हें पेयजल के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। ग्रामवासियों के अनुसार, यह पहल न केवल पानी की समस्या का समाधान है, बल्कि जनप्रतिनिधि और जनता के बीच भरोसे की मजबूत कड़ी भी है।


