दुर्गूकोंदल| ग्राम पंचायत कोड़ेकुर्सी का दो दिवसीय वार्षिक मेला पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शुरू हुआ। आयोजन को सफल बनाने में ग्राम सरपंच साधना सहारे, समस्त वार्ड पंचों एवं ग्रामवासियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की सुविधा के लिए विद्युत व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गईं। पंचायत की ओर से व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के लिए विशेष टीम भी बनाई गई थी, जिससे आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मेले का शुभारंभ पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ किया गया। स्थानीय लोक परंपराओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मेले को और अधिक आकर्षक बना दिया। बच्चों के लिए झूले, खिलौनों की दुकानें, ग्रामीण हस्तशिल्प एवं खान-पान के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। ग्रामीणों ने खरीदारी के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आनंद लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश सोनी के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात किया गया था, जिससे मेले के दौरान शांति एवं सुरक्षा बनी रही। पुलिस द्वारा यातायात और भीड़ नियंत्रण की भी समुचित व्यवस्था की गई, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका।


