लुधियाना| शहर में धागा कारोबारी से लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। नाहर स्पिनिंग मिल के मालिक कमल भाटिया की शिकायत पर थाना मोती नगर पुलिस ने गोविंदनारायण इंडस्ट्री के मालिक सिद्धार्थ बोहरा के खिलाफ अमानत में खयानत का केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता कमल भाटिया के मुताबिक, आरोपी के साथ उनके लंबे समय से व्यापारिक संबंध रहे हैं। अलग-अलग तारीखों पर उन्होंने आरोपी को कुल 45,91,915 रुपए का धागा सप्लाई किया था। तय समय पर भुगतान नहीं मिलने पर उन्होंने कई बार रकम की मांग की, लेकिन आरोपी टालमटोल करता रहा। भाटिया का आरोप है कि बाद में आरोपी ने साफ तौर पर भुगतान करने से इनकार कर दिया। मजबूर होकर उन्होंने 27 जनवरी को पुलिस को शिकायत दी। जांच अधिकारी सेठी कुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


