भास्कर न्यूज | बेमेतरा केंद्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक व क्रीड़ा बोर्ड नई दिल्ली द्वारा दिल्ली में आयोजित अखिल भारतीय सिविल सर्विसेस हॉकी प्रतियोगिता 2026 में छत्तीसगढ़ महिला टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया है। छत्तीसगढ़ महिला टीम का मुकाबला बिहार टीम के साथ हुआ, जिसमें छत्तीसगढ़ टीम ने अपने चिर परिचित खेल का परिचय देते हुए अपने उम्दा खेल का प्रदर्शन कर बिहार टीम को 3-1 से हराकर टूर्नामेंट में धमाकेदार जीत दर्ज की। इस शानदार जीत में बेमेतरा जिला अंतर्गत बेरला ब्लॉक के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारगांव की पीटीआई शिक्षिका तुलसी साहू पूरे मैच में अपने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम को विजयी दिलाने में अहम भूमिका निभाई। खेल के पहले हाफ में छत्तीसगढ टीम पूरी तरह हावी रही और टीम का पहला गोल मोनिका वैरागडे ने किया सेंटर फॉरवर्ड खिलाड़ी तुलसी साहू ने बिहार टीम के अभेद डिफेंस किला को तोड़ते हुए अपना पहला और टीम का दूसरा गोल किया, जिससे छत्तीसगढ़ टीम को 2-1 की निर्णायक बढ़त हासिल हुई। दूसरे हाफ में भी रहा अच्छा प्रदर्शन: दूसरे हाफ में भी छत्तीसगढ़ टीम ने अपने रणनीति को और मजबूत करते हुए शानदार खेल जारी रखा। माया यादव के शानदार एक गोल की बदौलत टीम को 3-1 की निर्णायक बढ़त मिली। छत्तीसगढ़ टीम की डिफेंस खिलाड़ी रश्मि तिर्की, शोभा वटी, ज्योति तिर्की, भावना गुप्ता, रीठा साहू, सविता चंद्राकर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने डिफेंस का अभेद किला बनाए रखा, जिससे बिहार टीम सिर्फ एक गोल करने में सफल हो पाई।


