भास्कर न्यूज | दुर्गूकोंदल ब्लॉक मुख्यालय दुर्गूकोंदल में आयोजित होने वाला बहुप्रतीक्षित वार्षिक मेला 27 फरवरी से 2 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और ग्रामीण उत्साह का यह संगम श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को आकर्षित करता है। मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। ग्राम पंचायत दुर्गूकोंदल की सरपंच शकुंतला नरेटी, उपसरपंच तामेश्वरी जैन, वार्ड पंच ओम दुग्गा सहित सभी पंचों ने ग्रामवासियों के साथ बैठक कर साफ-सफाई, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग एवं सुरक्षा व्यवस्था की रूपरेखा तय की। पंचायत द्वारा मेला स्थल पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। मेले का शुभारंभ ग्राम गायता मानूराम दुग्गा, ग्राम पटेल लालजी राम दुग्गाए, सरपंच शकुंतला नरेटी एवं उपसरपंच तामेश्वरी जैन की उपस्थिति में मां शीतला की पूजा-अर्चना के साथ होगा। इसके पश्चात पारंपरिक परिक्रमण किया जाएगा। इस वर्ष मेले में आकाश झूला, ब्रेक डांस, ड्रैगन झूला और जंपिंग झूला जैसे आकर्षक मनोरंजन साधन लगाए गए हैं। इसके साथ ही खानपान, खिलौने और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानें भी सजेंगी। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद यादव के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहेगा तथा यातायात नियंत्रण की विशेष व्यवस्था की जाएगी। सरपंच शकुंतला नरेटी ने क्षेत्रवासियों से शांतिपूर्वक मेले में सहभागिता की अपील की है।


