रंगला पंजाब उत्सव… आज से रणजीत एवेन्यू में सजेगा मेला, एंट्री फ्री

भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब सरकार के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग की ओर से 3 दिवसीय ‘रंगला पंजाब उत्सव’ की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्सव शुक्रवार से शुरू होगा और 1 मार्च 2026 तक रणजीत एवेन्यू ग्राउंड में चलेगा । डीसी दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि 27 फरवरी को दोपहर 12 बजे उत्सव का शुभारंभ होगा। तीनों दिन यह आयोजन पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत को समर्पित रहेगा, जिसमें प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, रहन-सहन और खान-पान की झलक देखने को मिलेगी। उत्सव की खास पहचान शाम को लगने वाले संगीत कार्यक्रम होंगे। पहले दिन 27 फरवरी की शाम को विश्व प्रसिद्ध लोक गायक विरासत संधू, जसपिंदर नरूला और जैजी बी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। दूसरे दिन 28 फरवरी को मीत कौर, कौर बी और कुलविंदर बिल्ला दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। तीसरे और अंतिम दिन 1 मार्च की शाम को हरजीत हरमन, बाणी संधू और मनमोहन वारिस अपने गीतों से समां बांधेंगे। इसके साथ ही गिद्दा और भंगड़ा जैसी पारंपरिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। डीसी ने बताया कि उत्सव में आम जनता का प्रवेश पूरी तरह मुफ्त रहेगा। उत्सव के दौरान एक सुंदर क्राफ्ट बाजार भी लगाया गया है, जहां पारंपरिक पंजाबी वस्त्रों और हस्तशिल्प के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा फूड कोर्ट में करीब 30 स्टॉल पर पंजाबी व्यंजनों के साथ-साथ अन्य लजीज पकवानों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा। बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष झूले लगाए गए हैं। साथ ही विभिन्न सरकारी विभाग अपने स्टॉल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *