एंबुलेंस कर्मचारियों का ऐलान: 13 मार्च को श्रम भवन के समक्ष करेंगे प्रदर्शन

रांची | झारखंड की 108 एम्बुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारियों ने वेतन में कटौती, पीएफ- ईएसआई अनियमितता और ग्रेच्युटी का भुगतान नहीं होने के आरोप लगाते हुए आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ (भारतीय मजदूर संघ से सम्बद्ध) के नेतृत्व में 108 एम्बुलेंस सेवा के कर्मचारियों ने प्रबंधन पर भ्रष्टाचार, तानाशाही और आर्थिक शोषण का आरोप लगाया है। संघ के प्रदेश महामंत्री सूरज साहू ने कहा कि सेवा संचालन संस्था सम्मान फाउंडेशन, पटना द्वारा 30 जुलाई 2025 के समझौते सहित कई सहमतियों को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है और श्रम कानूनों की लगातार अनदेखी की जा रही है। कर्मचारियों का आरोप है कि फरवरी से अक्टूबर 2025 तक पीएफ/ ईएसआई की कटौती नहीं की गई। नवंबर में कटौती के बाद भी राशि भविष्य निधि खाते में जमा नहीं कराई गई, जबकि दिसंबर में वेतन से कटौती के बावजूद पूरी रकम जमा नहीं हुई। 12 मार्च तक का अल्टीमेटम वर्ष 2017 से 2023 तक सेवा देने वाले कर्मचारियों को जिकित्जा हेल्थ केयर लिमिटेड, मुंबई द्वारा अब तक ग्रेच्युटी नहीं दिए जाने का भी आरोप है। 100 किमी. से अधिक आईएफटी ड्यूटी करने वालों को भोजन भत्ता और ओवरटाइम नहीं मिलने की शिकायत भी उठाई गई है। संघ ने चेतावनी दी है कि 12 मार्च तक समाधान नहीं होने पर 13 मार्च 2026 को श्रम भवन, डोरंडा में राज्यव्यापी प्रदर्शन किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *