अमृतसर | आम आदमी पार्टी देहाती के जिला अध्यक्ष एवं जिला योजना समिति के चेयरमैन गुरप्रताप सिंह संधू ने राजासांसी हलके के विभिन्न गांवों में बन रहे खेल मैदानों का दौरा किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व ठेकेदारों को निर्देश दिए कि गुणवत्ता और समयबद्धता करते हुए कार्य समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्यभर में युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए 3100 से अधिक अत्याधुनिक स्टेडियम और खेल मैदान बना रही है। इन मैदानों में वॉलीबॉल, फुटबॉल, क्रिकेट और अन्य खेलों के लिए जरूरी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, ताकि गांव स्तर पर ही युवाओं को उच्च गुणवत्ता का अभ्यास और खेलने का अवसर मिल सके। संधू ने कहा कि खेल मैदान बनाने का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें स्वस्थ, अनुशासित जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है। खेल न केवल शारीरिक तंदुरुस्ती बढ़ाते हैं, बल्कि टीमवर्क, अनुशासन और नेतृत्व के गुण भी विकसित करते हैं, जो जीवन में सफलता के लिए जरूरी हैं। ये खेल मैदान गांवों में सामाजिक एकता का प्रतीक बनेंगे और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का मंच प्रदान करेंगे। सरकार पूरी तरह गांवों के समग्र विकास और युवाओं के भविष्य को संवारे के लिए प्रतिबद्ध है।


