भास्कर न्यूज | अमृतसर अमृतसर एयरपोर्ट रोड पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सांसद गुरजीत सिंह औजला स्वयं सड़कों पर उतरे। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ गुमटाला बायपास, लोहारका रोड और मजीठा रोड का दौरा कर जमीनी हकीकत जानी और मौके पर ही सिंचाई विभाग, पीडब्ल्यूडी व नेशनल हाईवे के अधिकारियों को सुधारात्मक निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान सांसद ने गुमटाला बायपास फ्लाईओवर के पास सर्विस लेन बनाने और सड़क विस्तार की योजना पर चर्चा की। ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए गुमटाला से लोहारका रोड तक नाले के साथ एक नई सड़क बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। सांसद ने कहा कि जाम के कारण कई बार यात्रियों की फ्लाइट तक छूट जाती है, जो शहर की छवि के लिए ठीक नहीं है। मजीठा रोड बाईपास और ग्रेवाल फार्म के पास बेहतर प्रबंधन के लिए दो नए कट और ट्रैफिक लाइटें लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, इनआउट बेकरी और श्री चंद गुरुद्वारा रोड के बाहर भी तुरंत सिग्नल लगाने को कहा गया है ताकि जाम पर तत्काल काबू पाया जा सके। इस मौके पर पूर्व विधायक राज कुमार वेरका, जुगल किशोर शर्मा और कांग्रेस जिला प्रधान मिट्ठू मदान भी उपस्थित रहे। सांसद औजला ने भरोसा दिलाया कि इन चरणबद्ध योजनाओं के लागू होने से शहरवासियों को जल्द ही जाम से स्थायी मुक्ति मिलेगी।


