भास्कर न्यूज | अमृतसर गवर्नमेंट स्कूल्स लैबोरेटरी स्टाफ यूनियन पंजाब की एक विशेष मोबाइल कॉन्फ्रेंसिंग बैठक प्रदेश अध्यक्ष पतवंत सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें प्रदेश सरपरस्त जसवंत राय, मुख्य वक्ता हरजीत सिंह बराड़ सहित कई पदाधिकारियों ने शिरकत की। बैठक में आम आदमी पार्टी की सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए लैब स्टाफ (एसएलए) को गैर-शिक्षण कार्यों में झोंकने की कड़ी निंदा की गई। यूनियन नेताओं ने रोष जताया कि पहले एसएलए कर्मचारियों को बीएलओ ड्यूटी में व्यस्त रखा गया और अब ‘मुख्यमंत्री हेल्थ स्कीम’ के कार्ड बनाने की जिम्मेदारी भी उन पर डाल दी गई है। यूनियन के वित्तीय सचिव सुखमंदर सिंह और सचिव पवन सपरा ने कहा कि 10 लाख रुपए के हेल्थ इंश्योरेंस के कार्ड बनाने का काम संबंधित विभाग का है, लेकिन शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को इसमें लगाकर बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। वर्तमान में बोर्ड और नॉन-बोर्ड परीक्षाओं के प्रैक्टिकल की तैयारी चल रही है, ऐसे में लैब स्टाफ की अनुपस्थिति से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। यूनियन ने सरकार से मांग की है कि एसएलए कर्मचारियों को तुरंत इन ड्यूटीज से मुक्त किया जाए। इस मौके पर दलबीर सिंह, सरबजीत सिंह, अनिल कुमार और विकास अग्रवाल सहित कई जिला अध्यक्ष मौजूद रहे।


