भास्कर न्यूज | अमृतसर सरूप रानी गवर्नमेंट कॉलेज फॉर वुमेन के शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 93वां वार्षिक एथलेटिक मीट का वीरवार को प्रारंभ हुआ। दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता में खेल आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज प्राचार्या किरणजीत बल द्वारा किया गया। इस दौरान ध्वजारोहण कर खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन तथा समर्पण के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने की प्रेरणा देते हुए खेल महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया गया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और जीवन में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता तथा आत्मविश्वास को विकसित करते हैं। कार्यक्रम की शुरुआत आकर्षक मार्च-पास्ट से हुई, जिसमें विभिन्न हाउसों/टीमों की छात्राओं ने अनुशासित एवं सुसंगठित ढंग से भाग लिया। प्राचार्या महोदया ने मार्च-पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर ग्रामीण के एडीसी परमजीत कौर भी विशेष रूप से पहुंचे। पहले दिन ट्रैक एवं फील्ड प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर एवं 800 मीटर दौड़, 4×100 मीटर रिले रेस, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉट पुट, डिस्कस थ्रो तथा जैवलिन थ्रो जैसी स्पर्धाएं शामिल रहीं। प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।


