भास्कर न्यूज | जालंधर जालंधर में हाइवे पर 27 और 28 फरवरी को सुबह यात्रा करना चुनौतीपूर्ण रहेगा। सुबह 6 से 8:30 बजे तक घनी और कई इलाकों में अति घनी धुंध मिल सकती है। फरवरी महीने में बारिश नहीं हुई। दोपहर की धूप में गर्म हुई हवा के साथ धूल और कालिख के अंश बह रहे हैं। जोकि रात की ठंडक से बनी नमी की परत के साथ मिलकर रेडिएशन फॉग बना रहे हैं। धूल व कालिख के अंश चुंबक की तरह नमी की परत के साथ चिपक रहे हैं। जालंधर के इलाकों सहित करतारपुर, विधिपुर, भोगपुर, परागपुर, अलावलपुर व बाकी इलाकों में सुबह 9 बजे तक वीरवार को घनी धुंध रही है। इस धुंध के कारण विजिबिलिटी सुबह 7:30 से 8:30 बजे के बीच इंडस्ट्रीयल जोन के पास के इलाकों में 10-15 मीटर मात्र रही। फिर ये बाकी तमाम इलाकों में 25 मीटर तक रही है। पूरे 9 बजे सूरज के दर्शन हुए। फिर 15-20 मिनट में ही तेजी से धुंध छंटने लगी है। आज मौसम ड्राई रहेगा आज दिन के समय मौसम पूरी तरह ड्राई रहेगा। धूप खिलेगी। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सी. के आसपास रहने के कारण दोपहर में धुंध का असर बिल्कुल खत्म हो जाएगा और अच्छी गर्मी महसूस होगी। यही ट्रेंड 28 फरवरी व 1 मार्च को रहेगा। सुबह अति घनी धुंध का प्रभाव रहेगा। मौसम केंद्र के अनुसार फिलहाल 3 दिन तक धुंध असर दिखाएगी। 3 कारण : इनसे पैदा हुई है रेडिएशन फॉग 1. दिन की तीखी धूप से गर्मी पैदा होती है। ये गर्मी रात में आसमान तक पहुंचती है। फिर नमी व गर्म हवा के साथ बहे शहरी धूल व वाहनों के धुएं की कालिख मिलते हैं। जिससे धुंध की परत बन जाती है। इस धुंध पर प्रदूषण का प्रभाव है। 2. हवा की गति कम है। ये गति 1-2 मील प्रतिघंटा है। इस कारण जमीन की सतह पर धुंध की परत बन रही है। 3. इंडस्ट्री, खेत, नदी और नालों किनारे के इलाकों में रेडिएशन फॉग तेजी से बनता है। इनमें प्रदूषण के अंश या नमी की अति मात्रा उपलब्ध होती है।


