भास्कर न्यूज | अमृतसर आम आदमी पार्टी पंजाब के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर शिरोमणि अकाली दल बादल पर हमला बोला। उन्होंने पूर्व आईपीएस अधिकारी परमराज सिंह उमरानंगल की सेवानिवृत्ति के अवसर पर वरिष्ठ अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की सार्वजनिक मौजूदगी और सोशल मीडिया पोस्ट पर सवाल उठाए। धालीवाल ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अकाली दल उन अधिकारियों का जश्न मना रहा है जिनके कार्यकाल में पंजाब ने हाल के इतिहास की सबसे दर्दनाक घटनाएं देखीं। अकाली दल-भाजपा सरकार के दौरान गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की घटनाएं हुईं, जिससे विश्वभर की सिख संगत की भावनाएं आहत हुईं। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर गोलीबारी की गई। उस समय परमराज सिंह उमरानंगल और तत्कालीन डीजीपी सुमेध सैनी महत्वपूर्ण पदों पर थे। लेकिन न्याय सुनिश्चित करने के बजाय निर्दोष श्रद्धालुओं पर अत्याचार हुआ। धालीवाल ने डेरा सच्चा सौदा प्रमुख को दी गई विवादित माफी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अकाली दल ने दोषियों को संरक्षण दिया और सिख भावनाओं को ठेस पहुंचाई।


