भास्कर न्यूज | अमृतसर बॉडी बिल्डर रहे वरिंदर सिंह घुम्मण की अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान हुई संदिग्ध मौत के मामले में परिवार को साढ़े 4 माह के बाद कोई इंसाफ नहीं मिला। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने वीरवार को सिविल सर्जन के कार्यालय का घेराव किया। परिवार एसआईटी की उस रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है, जिससे मौत के असली कारणों का खुलासा होना है। इस दौरान परिजनों ने डॉक्टरों पर रिपोर्ट के साथ छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। परिवार का कहना है कि वे पिछले काफी समय से इंसाफ के लिए भटक रहे हैं। आज एसआईटी की ओर से अपनी रिपोर्ट सौंपी जानी है, जिसके आधार पर यह साफ होगा कि घुम्मण की मौत किन परिस्थितियों में हुई। अस्पताल परिसर से सामने आई एक वीडियो में परिवार काफी भावुक और आक्रोशित नजर आ रहा है। उन्होंने सिविल सर्जन से अपील की है कि निष्पक्ष जांच की जाए। गौर हो कि वरिंदर घुम्मण की 9 अक्टूबर 2025 को सिटी के एक अस्पताल में मसल ऑपरेशन करवाने आए थे। ऑपरेशन के दौरान ही उनकी मौत हो गई। सिविल सर्जन सतिंदरजीत सिंह ने पीड़ित परिवार को आश्वासन देते हुए बताया कि जांच पूरी तरह पारदर्शी होगी। उन्होंने कहा कि एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।


