रानी स्थित सांईधाम मंदिर परिसर में आयोजित तीन दिवसीय दिव्यांग शिविर के दूसरे दिन गुरुवार को 204 दिव्यांगजनों को विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। इस शिविर में जरूरतमंदों को मौके पर ही उपकरण उपलब्ध कराकर लाभान्वित किया जा रहा है। दूसरे दिन वितरित किए गए उपकरणों में 94 कान की मशीन, 34 ट्राई साइकिल, 17 व्हील चेयर, 11 वैशाखी, 30 हाथ की छड़ी, 1 ब्लाइंड स्टिक, 6 कृत्रिम पैर, 2 कृत्रिम हाथ और 9 कैलीपर शामिल थे। शिविर प्रभारी महेंद्र ढड्ढा और सरोज कंवर ने बताया कि शिविर का तीसरा और अंतिम दिन 27 फरवरी, शुक्रवार को भी दिव्यांग केंद्र, सांईधाम मंदिर परिसर रानी में आयोजित होगा। उन्होंने अधिक से अधिक दिव्यांगजनों से शिविर में पहुंचकर लाभ उठाने की अपील की। शिविर में कान की सुनने की मशीन, कृत्रिम हाथ-पैर, वैशाखी, ट्राई साइकिल, व्हील चेयर, छड़ी और पोलियोग्रस्तों के लिए कैलीपर जैसे उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस दौरान जोधपुर से भारती सेवा परिषद के पदाधिकारियों सहित 20 सदस्यीय दल ने शिविर का अवलोकन किया। इस दल में भारत सेवा विकास परिषद मुख्य शाखा जोधपुर के संस्थापक सुरेश भूतड़ा, अध्यक्ष अर्चना बिड़ला, सचिव राजेंद्र मंत्री, कोषाध्यक्ष अरुण जी और श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति महिला प्रकोष्ठ संबल जोधपुर की सदस्य शोभा आंचलिया शामिल थीं। प्रतिनिधियों ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग पाली, श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर और श्री चुनीलाल बख्तावरमल मेहता ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह शिविर सैकड़ों दिव्यांगजनों को मौके पर आवश्यक उपकरण प्रदान कर रहा है, जो एक प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने ट्रस्ट के वयोवृद्ध अध्यक्ष एन.सी. मेहता और वीरेंद्र मेहता का आभार व्यक्त किया। शिविर में एन.सी. मेहता, वीरेंद्र मेहता, भाजपा मंडल अध्यक्ष हरीश गहलोत, समाजसेवी कुशलराज मेहता, लॉयंस सचिव हरीश सुराणा, सामाजिक न्याय ब्लॉक अधिकारी कानाराम पारंगी, अनोपाराम (सीबीई कार्यालय रानी), मनीष यादव, राजेश कड़ेला, पवन आसोपा, चेतन गिरी, बबलेश गोयल, जगदीश चौधरी, आकाश पुरी और प्रमोद चौहान सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।


