राजस्थान में समय से पहले गर्मी का सीजन आ गया। दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के नजदीक पहुंच गया है। पश्चिमी जिलों के साथ अब पूर्वी, उत्तरी और दक्षिणी जिलों में भी तेज धूप से दिन गर्म होने लगे हैं। जयपुर, अजमेर, उदयपुर समेत कई जिलों में गुरुवार दिन का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले एक सप्ताह मौसम साफ रहने, जबकि अगले 48 घंटे के दौरान तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने और गर्मी बढ़ने की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो राज्य के सभी शहरों में गुरुवार दिनभर तेज धूप रही और हल्की गर्मी रही। पश्चिमी जिलों में गर्मी का असर ज्यादा रहा। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर में भी अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई और इन तीनों शहरों का अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। पूर्वी राजस्थान में भी बढ़ने लगी गर्मी पश्चिमी राजस्थान के बाद अब पूर्वी राजस्थान के जिलों में भी गर्मी बढ़ने लगी। गुरुवार को जयपुर, अजमेर, उदयपुर, गंगानगर, कोटा में अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। सीकर, सिरोही समेत सभी शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज हुआ। सुबह-शाम मौसम सुहावना दिन में तेज धूप और गर्मी के बाद शाम होने के साथ ही हल्की ठंडक बढ़ने से लोगों को राहत मिली। गुरुवार को अधिकांश शहरों का न्यूनतम तापमान 15 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। सुबह-शाम हल्की ठंडक रहने से मौसम सुहावना हो गया। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक राज्य में अगले एक सप्ताह तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, जबकि अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।


