पंजाब के लुधियाना स्थित जीवन नगर मार्केट में बदमाशों द्वारा दुकानदारों के साथ मारपीट और तोड़फोड़ का वीडियो सामने आया है। सरेआम दुकानों के बाहर गुंडागर्दी करते आरोपी CCTV में कैद हुए हैं। घटना से नाराज व्यापारियों ने देर रात चंडीगढ़ रोड को कुछ समय के लिए जाम कर दिया। बाद में पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर धरना समाप्त किया गया। दुकानदारों का आरोप है कि बदमाशों ने खुलेआम तोड़फोड़ की, लेकिन पुलिस की कार्रवाई ढीली रही। पुलिस की कथित लापरवाही से आक्रोशित व्यापारियों ने वीर पैलेस के बाहर रोष प्रदर्शन भी किया। पहले भी हो चुकी थी मारपीट जानकारी के अनुसार, वीरवार को दो दुकानदारों पर हमला किया गया। जब पीड़ित शिकायत देने पुलिस के पास पहुंचे तो सुनवाई नहीं हुई। इससे गुस्साए व्यापारियों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। माहौल बिगड़ता देख जमालपुर और फोकल पुवाइंट की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत करवाया। हमले में रोहित कुमार और अंकुर कुमार घायल हुए हैं। दुकान में घुसकर तोड़फोड़, लूट का आरोप गणपति टेलीकॉम के मालिक रोहित कुमार ने बताया कि करीब एक महीने पहले भी कुछ युवकों ने व्यापारियों के साथ मारपीट की थी। उस मामले में पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लिया था। इसी रंजिश के चलते दोबारा हमला किया गया। रोहित के मुताबिक, हमलावरों ने गोयल टेलीकॉम के मालिक अंकुर कुमार की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की। जब वह बचाव में पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। शोर सुनकर अन्य दुकानदार इकट्ठा हुए तो आरोपी फरार हो गए। अंकुर कुमार ने आरोप लगाया कि हमलावर मोबाइल फोन और अन्य सामान भी लूट ले गए। थाना फोकल पुवाइंट के SHO कुलबीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


