राजधानी में सूखे नशे के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत राजधानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कालीबाड़ी-नेहरू नगर इलाके में लंबे समय से सक्रिय अवैध नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए पुलिस ने 45 से ज्यादा मामलों के आरोपी हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया और उसके भाई संजू को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से 6 किलो 119 ग्राम गांजा, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और 2400 नशीली गोलियां (अल्प्राजोलम) बरामद की गई हैं। 24 फरवरी की कार्रवाई से खुली कड़ी
दरअसल, 24 फरवरी को सिटी कोतवाली पुलिस ने नेहरू नगर नरैया तालाब क्षेत्र में दो युवकों को गांजा बेचते पकड़ा। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर कालीबाड़ी इलाके में नाले के पास बने एक हाइडआउट पर दबिश दी गई। यहां से 7 किलो 397 ग्राम गांजा, पैकिंग सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, वाई-फाई उपकरण, सीसीटीवी कैमरे और मोशन सेंसर जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक, ठिकाना आधुनिक तकनीक से लैस था ताकि छापे से पहले अलर्ट मिल सके। एक साल में 2.8 करोड़ का सूखा नशा जब्त, 445 गिरफ्तारी भी
रायपुर पुलिस ने पिछले एक साल में सूखे नशे के खिलाफ अभियान चलाते हुए करीब 2.81 करोड़ रुपए कीमत के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। इस दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 271 प्रकरण दर्ज कर 445 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की वर्ष 2025 की रिपोर्ट के अनुसार गांजा, हेरोइन, ब्राउन शुगर, नशीली टैबलेट और सिरप की बड़ी खेप पकड़ी गई। शहर और आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी कर नेटवर्क तोड़ने की कार्रवाई की गई। विशेष अभियानों के तहत कई अंतरजिला गिरोहों का खुलासा भी हुआ। पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति पर भी कार्रवाई करते हुए करीब 1.5 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की है। अधिकारियों का दावा है कि स्कूल-कॉलेजों के आसपास निगरानी बढ़ाई गई है और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया है। पुलिस ने ऐसे की घेराबंदी: 25-26 फरवरी की दरम्यानी रात एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम ने नरैया तालाब स्थित नरेश्वर मंदिर के पास घेराबंदी की। यहीं से मुख्य आरोपी मुकेश बनिया और उसका भाई संजू पकड़े गए। तलाशी में गांजा, हथियार और नशीली गोलियां मिलीं। फरारी के दौरान मुकेश मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तरप्रदेश और ओडिशा में ठिकाने बदलता रहा। पुलिस अब सप्लाई चेन और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। अपराध का लंबा रिकॉर्ड : पुलिस के अनुसार मुकेश बनिया के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस, मारपीट, बलवा और अवैध शराब जैसे 31 से अधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसका भाई संजू भी 15 मामलों में आरोपी है।


