बिलासपुर| छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में 28 फरवरी को सामाजिक सरोकार और सांस्कृतिक उत्सव का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। रोटरी क्लब ऑफ़ बिलासपुर क्वींस द्वारा गोविंदम पैलेस में आयोजित “ब्रजरास रंगोत्सव” न केवल ब्रज की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत करेगा, बल्कि कैंसर सर्वाइवर मरीजों के सहयोग का संदेश भी देगा। पिनाकी-धा फिटनेस मंत्र के सहयोग से आयोजित इस फंड-रेजिंग पहल का उद्देश्य कैंसर से जूझ रहे लोगों के उपचार, दवाइयों, परामर्श और पुनर्वास कार्यों में मदद करना है। क्लब की प्रेसिडेंट सीमा ठाकुर ने पत्रकारों को बताया कि “ब्रजरास रंगोत्सव” केवल रंगों का उत्सव नहीं है, बल्कि यह एक संवेदनशील सामाजिक अभियान भी है। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी से गुजर चुके लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना और उन्हें यह एहसास दिलाना कि समाज उनके साथ खड़ा है, कार्यक्रम का मूल उद्देश्य है। इवेंट चेयरपर्सन मनीषा जायसवाल ने बताया कि रोटरी क्वींस शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में सक्रिय है। “ब्रजरास रंगोत्सव” इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है। आयोजन में बरसाने की पारंपरिक होली, फूलों की होली, ब्रज के लोकगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ब्रज संस्कृति का जीवंत अनुभव मिलेगा। रायपुर के कलाकार कार्यक्रम को और आकर्षक बनाएंगे। प्रेस वार्ता में क्लब की वॉइस प्रेसिडेंट रचना जैन, चंचल सलूजा भी मौजूद रहे।


