प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार(17 दिसंबर) को जयपुर में पार्वती-कालीसिंध-चंबल-ईआरसीपी परियोजना का शिलान्यास किया। इस दौरान मंच पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ब्लू पॉटरी से बना शंख भेंट किया। यह शंख जयपुर के कलाकार शिल्प गुरु गोपाल सैनी ने ही तैयार किया है। उन्होंने इस शंख को कभी बेचने के लिए बनाया ही नहीं। उनकी इच्छा थी कि पीएम मोदी जब राजस्थान आएं तो सीएम उन्हें यह शंख भेंट करें। दैनिक भास्कर में पढ़िए, पीएम मोदी को भेंट किए इस शंख की खासियत- पीएम वाला शंख बेचने के लिए नहीं था शिल्प गुरु गोपाल सैनी ने बताया- वे पिछले चार दशक से ब्लू पॉटरी में काम कर रहे हैं। मंगलवार का दिन हमारे लिए बेहद खास था। पीएम नरेंद्र मोदी को हमारे यहां बना शंख मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भेंट किया। गोपाल सैनी ने कहा- यह शंख पिछले साल 2023 में बनाया था। जिस पर अजंता के अलंकरण बनाए गए हैं। इस पर अजंता के अलंकरण के साथ पानी, कमल के पत्ते, खिलते हुए कमल को भी एक अलग अंदाज में उकेरा गया है। यह हमारे लिए लीक हटकर काम था। हमने ट्रेडिशनल काम की जगह कुछ अलग करके इसे तैयार किया था। सैनी बताते हैं- यह हमारे लिए अमूल्य कृति की तरह था, जिसे हमने हमारे बिकने वाले कलेक्शन में नहीं रखा था। इस ब्लू पॉटरी शंख में प्राकृतिक रंगों और पारंपरिक तकनीकों का उपयोग किया गया है। जिससे यह एक दुर्लभ और अनोखी कलाकृति बन गया है। हमने सोचा था कि ऐसी कलाकृति देश के प्रधानमंत्री के पास ही होनी चाहिए। यह आज संभव भी हो गया है। कई बार टूटा 10 साल बार फिर कोशिश की सैनी ने बताया कि ब्लू पॉटरी का यह शंख उद्योग विभाग ने हमसे लिया था। इसके बाद उन्होंने सीएम भजन लाल शर्मा की अप्रूवल के बाद लिया। इसके लिए हमने एक वेलवेट का बॉक्स भी बनाया हुआ है, जिसमें यह अच्छे से रखा जा सकता है। सैनी बताते हैं- उन्होंने ऐसा ही शंख 2013 में भी बनाया था। उन्होंने कहा ब्लू पॉटरी में शंख बनाना आसान नहीं होता। ऐसे में, उस वक्त कई बार मुझसे शंख टूटे, डिजाइन खराब हुई, लेकिन मैंने हार नहीं मानी। यह हमारे लिए एक एक्सपेरिमेंट ही था। इसके बाद 2023 में इस शंख को बनाना शुरू किया। पीएम नरेंद्र मोदी को शंख दिया गया है, वह 13 इंच का है। अलग आकृतियों में ढाली कला गोपाल सैनी अपनी बेटी गरिमा सैनी के साथ ब्लू पॉटरी का काम कर रहे हैं। अब बेटी के साथ मिलकर वे नए-नए एक्सपेरिमेंट यहां कर रहे हैं। जिसके कारण दुनियाभर तक इनके काम पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि ब्लू पॉटरी के रूप में लोग वाश, हैंगिंग प्लेट को ही जानते हैं। हमने ब्लू पॉटरी को एक अलग तरह की कलाकृतियों से लोगों के बीच आकर्षक बनाया है। कई सेलिब्रिटीज को दे चुके जयपुर की ब्लू पॉटरी गोपाल सैनी और गरिमा सैनी की बनाई कलाकृतियां देश के नामचीन उद्योगपतियों के घरों की शोभा बढ़ा रही हैं। देश नामचीन उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर पर कई कलाकृतियां मौजूद हैं। नीता अंबानी ने गरिमा सैनी को कई बड़े मंचों पर जगह भी दी है। एक ऐसा ही इवेंट नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर में आयोजित हुआ था, जिसमें बॉलीवुड और हॉलीवुड के कलाकारों ने ब्लू पाॅटरी आर्ट को इनसे खरीदा था। इनके अलावा गोपाल सैनी की कलाकृतियां बॉलीवुड एक्टर अमिताभ बच्चन, क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के घर पर भी लगी हुई हैं। इसके अलावा अडानी ग्रुप के लिए कई एयरपोर्ट और उनके प्राइवेट कलेक्शन के लिए इनकी कलाकृतियों को चयनित किया जा चुका हैं। बिड़ला परिवार के यहां भी इनकी ब्लू पॉटरी की कलाकृति लगी हुई हैं।


