पीएमश्री में फुटबॉल फॉर स्कूल कार्यक्रम में खेल को बढ़ावा

भास्कर न्यूज | खड़गपुर खड़गपुर के झपेटापुर इलाके से सटे पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक -2, खड़गपुर में फुटबॉल फॉर स्कूल कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केन्द्रीय विद्यालय संकुल के प्रभारी और केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक 2 कलाई कुंडा के प्राचार्य अभिषेक त्रिपाठी उपस्थित रहे। गणमान्य व्यक्तियों के आगमन के साथ, कार्यक्रम की शुरुआत हुई। मुख्य अतिथि अभिषेक त्रिपाठी ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया। विद्यालय की ओर से अतिथि का ग्रीन वेलकम (पौधा भेंट कर) किया गया। स्वागत भाषण विद्यालय के प्राचार्य संग्राम बैनर्जी द्वारा दिया गया, जिन्होंने खेल के महत्व और विद्यालय की प्रगति पर प्रकाश डाला। विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक स्वागत गान और नृत्य प्रस्तुत किया किया। मुख्य अतिथि अभिषेक त्रिपाठी ने अपने संबोधन में फुटबॉल फॉर स्कूल पहल की सराहना करते हुए बताया कि खेल न केवल शारीरिक विकास बल्कि जीवन कौशल सीखने का भी एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने भारत को फुटबॉल का पावरहाउस बनाने के विज़न 2047 के संकल्प को भी दोहराया। फुटबॉल फॉर स्कूल योजना के तहत पश्चिम बंगाल के 11,847 स्कूलों में 88,113 फुटबॉल वितरित किए जाने का लक्ष्य है। पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक 2 को 6866 फुटबॉल 1003 विद्यालयों को वितरित किए जाने हैं जिसमें 5477 फुटबॉल 693 विद्यालयों को वितरित किए जा चुके हैं। आज वितरण के तृतीय चरण में 1380 फुटबॉल 310 विद्यालय को प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समापन हिजली हाई स्कूल और पीएमश्री केवी नंबर 2, खड़गपुर के बीच एक प्रतीकात्मक फुटबॉल मैच के साथ हुआ। मैच का शुभारंभ (किक-ऑफ) स्वयं मुख्य अतिथि ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *