हंगामें के दौरान पत्रकार से मारपीट,3 के खिलाफ FIR दर्ज:प्राईवेट हॉस्पिटल के सामने हंगामें के दौरान हुई मारपीट, कांग्रेस ने कहा-भाजपाईयों की गुंडागर्दी

अंबिकापुर में प्राइवेट लक्ष्मी नारायण हॉस्पिटल के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थानीय पत्रकार से मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने देर रात तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज किया है। FIR दर्ज करने के बाद कोतवाली के बाहर प्रदर्शन कर रहे पत्रकार वापस लौटे। पत्रकार के साथ मारपीट करने की सूचना मिलने पर कांग्रेस नेता भी थाने पहुंचे थे। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो पोस्ट करते हुए इसे सत्ताधारी भाजपाईयों की गुंडागर्दी करार दिया है। जानकारी के मुताबिक, गुदरी गली विजय मार्ग में संचालित लक्ष्मी नारायण हास्पिटल के संचालक के द्वारा हॉस्पिटल के सामने ट्रांसफार्मर लगाए जाने को लेकर विवाद की स्थिति बनी। शिकायत पर नगर निगम आयुक्त ने हॉस्पिटल के सामने लगे ट्रांसफार्मर को हटाने पत्र विद्युत विभाग के ईई को लिखा था। गुरुवार को टीम कार्रवाई के लिए पहुंची तो घंटों हंगामा हुआ। पत्रकार के साथ मारपीट, थाने में धरना
विवाद के दौरान रिपोर्टिंग कर रहे स्थानीय पत्रकार सुशील बखला के साथ कुछ युवकों ने मारपीट कर दी। दरअसल विवाद बढ़ने पर भीड़ ने डॉक्टर प्रतीक खरे एवं महिला डॉक्टर पर हमले की कोशिश की। इस दौरान युवकों ने सुशील बखला के साथ मारपीट कर दी। बीच बचाव कर रहे पत्रकार सुमित सिंह का चश्मा टूट गया एवं उन्हें भी चोटें आईं। जब घटना हुई, मौके पर थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौजूद था। सुशील बखला ने बताया कि वे महिला डॉक्टर को हमले से बचाने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान युवकों ने उनपर हमला कर दिया। पत्रकार के साथ हुई मारपीट के विरोध में सभी पत्रकार कोतवाली थाने पहुंच गए और तत्काल एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। देर रात दर्ज हुई FIR
पत्रकार से मारपीट की सूचना मिलने पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, एआईसीसी सदस्य आदितेश्वर शरण सिंह, निगम के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद थाने पहुंचे। कांग्रेसियों ने मामले में कार्रवाई की मांग रखी। देर शाम तक पत्रकार थाने में डटे रहे।
मामले में पुलिस ने सुशील बखला की रिपोर्ट पर मारपीट में शामिल अरूणेंद्र प्रताप सिंह, आकाश सिंह वं बडु सिंह के खिलाफ धारा 296, 351(2), 115(2), 3(5)बीएनएस एवं 3-1, 3(2) एससी, एसटी एक्ट के तहत FIR दर्ज किया है। कांग्रेस ने कहा-भाजपाईयों की गुंडागर्दी
पत्रकार के साथ मारपीट का वीडियो छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए इसे भाजपाईयों की गुंडागर्दी बताया है। कांग्रेस ने पोस्ट में लिखा है-देखिए, किस तरह सत्ताधारी भाजपाई गुंडे जनता की आवाज उठाने वाले आदिवासी पत्रकार के साथ मारपीट कर रहे हैं। सत्ताधारी गुंडों का आतंक व अपराधों की संलिप्तता चरम पर है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *