धौलपुर में कोतवाली थाना इलाके के हरदेव नगर बाजार में गुरुवार को एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। दो बाइकों पर सवार करीब 8 बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकारी के अनुसार, घायल युवक दीपक सरमथुरा निवासी है। उसने बताया कि वह बाजार की ओर आ रहा था, तभी उसकी बाइक अनजाने में सामने से आ रही एक अन्य बाइक से टकरा गई। इस मामूली टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
कहासुनी जल्द ही बढ़ गई और कुछ ही देर में 2 बाइकों पर सवार 8-10 युवक मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी युवक लाठी-डंडों से लैस थे और उन्होंने दीपक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बाजार में हुई इस घटना से मौके पर मौजूद दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर युवक बाइकों पर सवार होकर आए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद वे मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।


